दो साल में बिहटा-औरंगाबाद के बीच दौड़ेगी ट्रेन, नीतीश सरकार की विदाई से पहले बड़ी घोषणा, निर्माण का फंड जारी

बिहटा-औरंगाबाद के बीच 117 किमी लंबी नई रेल लाइन का काम शुरू हो गया है। ₹3606.42 करोड़ की इस परियोजना से मगध क्षेत्र के 75 लाख लोगों को लाभ मिलेगा।

दो साल में बिहटा-औरंगाबाद के बीच दौड़ेगी ट्रेन, नीतीश सरकार

Patna - बिहार के मगध क्षेत्र की दशकों पुरानी मांग को पूरा करते हुए एनडीए सरकार ने बिहटा-औरंगाबाद रेल परियोजना को लेकर बड़ी घोषणा की है। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा की है कि इस महत्वाकांक्षी रेल लाइन के लिए 3606.42 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य बिहार में रेल कनेक्टिविटी और विकास को नई रफ्तार देना है ।

117 किलोमीटर लंबी लाइन और 13 नए स्टेशन

यह नई रेल लाइन कुल 117 किलोमीटर लंबी होगी, जो बिहटा को औरंगाबाद से सीधे जोड़ेगी। इस रूट पर यात्रियों की सुविधा के लिए 13 नए रेलवे स्टेशन बनाए जाएंगे। रेलवे द्वारा सर्वे का काम पहले ही पूरा किया जा चुका है और अब धरातल पर निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है ।

तीन चरणों में पूरा होगा निर्माण कार्य

परियोजना को सुव्यवस्थित ढंग से पूरा करने के लिए इसे तीन चरणों में विभाजित किया गया है । पहले चरण के तहत औरंगाबाद से अनुग्रह नारायण रोड तक 14 किलोमीटर का ट्रैक बिछाया जाएगा, जिसका काम अगले दो से तीन महीनों में शुरू होने की उम्मीद है । इसके बाद दूसरे चरण में अरवल क्षेत्र और तीसरे चरण में बिहटा तक का काम संपन्न किया जाएगा ।

500 हेक्टेयर जमीन का होगा अधिग्रहण

इस वृहद परियोजना के लिए करीब 500 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। औरंगाबाद की डीएम अभिलाषा शर्मा के अनुसार, भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इसकी लगातार निगरानी की जा रही है । सरकार का लक्ष्य है कि इस वर्ष के अंत तक अधिग्रहण का कार्य पूरा कर लिया जाए ताकि निर्माण की गति बाधित न हो ।

75 लाख आबादी को मिलेगा सीधा लाभ

बिहटा-औरंगाबाद रेल लाइन से बिहार के चार लोकसभा क्षेत्रों—पाटलिपुत्र, जहानाबाद, काराकाट और औरंगाबाद के करीब 75 लाख लोग लाभान्वित होंगे । वर्तमान में पटना और औरंगाबाद के बीच सीधी ट्रेन सेवा नहीं है, जिसे यह परियोजना दूर करेगी । इससे न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि क्षेत्र में व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे ।