बिहार में तिरंगे की शान, सासाराम से वैशाली तक गूंजा देशभक्ति का तराना, शहीदों को नमन और विकास के संकल्प के साथ मना 80वां स्वतंत्रता दिवस
Bihar Independence Day: सासाराम से पूर्णिया, बांका, सहरसा, गया और हाजीपुर तक सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और प्रमुख मैदानों में तिरंगा शान से लहराया।
Bihar Independence Day: बिहार में 80वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न जोश, जज्बे और देशभक्ति की रूहानी रंगत के साथ मनाया गया। सासाराम से पूर्णिया, बांका, सहरसा, गया और हाजीपुर तक सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और प्रमुख मैदानों में तिरंगा शान से लहराया। राष्ट्रगान, परेड की सलामी, देशभक्ति के नारों और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान के बीच लोगों ने आजादी के उन मतवालों को याद किया, जिनकी कुर्बानी की बदौलत मुल्क ने गुलामी की जंजीरों को तोड़ा।
सासाराम में प्रभारी मंत्री ने फहराया तिरंगा
सासाराम के न्यू स्टेडियम फजलगंज में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया गया। रोहतास के प्रभारी मंत्री और खाद्य उपभोक्ता संरक्षण मंत्री डॉ. अशोक चौधरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।समारोह में रोहतास के डीएम दीपक कुमार मिश्रा, एसपी रौशन कुमार समेत कई विधायक, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। तिरंगा फहराते ही पूरा समारोह स्थल राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।

पूर्णिया में राष्ट्रीय भावना को सबसे ऊपर रखने का संदेश
पूर्णिया के इंदिरा गांधी स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया गया। बिहार सरकार के निबंधन एवं मद्यनिषेध मंत्री और पूर्णिया के प्रभारी मंत्री रत्नेश सादा ने झंडोत्तोलन किया। उन्होंने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और परेड का निरीक्षण किया।इस अवसर पर जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कई लोगों को सम्मानित भी किया गया। मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा कि देश ने लंबे संघर्ष और कुर्बानियों के बाद आजादी हासिल की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीयता और राष्ट्रीय भावना सर्वोपरि है और नई पीढ़ी को भी इसी जज्बे के साथ देश के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए।

बांका में शहीदों के त्याग को किया गया याद
बांका में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। सरकारी और निजी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों तथा विभिन्न प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराया गया। जगह-जगह राष्ट्रगान और देशभक्ति के नारों से माहौल गूंज उठा।मुख्य समारोह आरएमके हाई स्कूल मैदान में हुआ, जहां जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद उन्होंने एसपी अमितेश कुमार के साथ परेड का निरीक्षण किया और विभिन्न टुकड़ियों की सलामी ली।अपने संबोधन में डीएम ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई में बांका के वीर सपूतों का भी अहम योगदान रहा है। उनके त्याग और संघर्ष को हमेशा याद रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों के अनुरूप बांका को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है।


सहरसा में भूमिहीन परिवारों को मिला जमीन का पर्चा
सहरसा में स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए बिहार सरकार के प्रभारी मंत्री मिथिलेश तिवारी पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और समारोह में शामिल हुए।इस मौके पर भूमिहीन परिवारों को जमीन के पर्चे वितरित किए गए। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सरकारी योजनाओं और सामाजिक सरोकारों की झलक भी देखने को मिली।


गया में विकसित बिहार का संकल्प
गया के ऐतिहासिक गांधी मैदान में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित हुआ। जिला प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने झंडोत्तोलन किया और जिलेवासियों के साथ पूरे बिहार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि भारत आजादी के शताब्दी वर्ष की ओर बढ़ रहा है और यह देशवासियों के लिए नए अवसरों का दौर है। उन्होंने विकसित भारत के साथ विकसित और समृद्ध बिहार के निर्माण का आह्वान किया।मंत्री ने कहा कि बिहार को विकास की राह पर आगे ले जाने के लिए चरित्र निर्माण, सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक विकृतियों से मुक्ति जरूरी है। उन्होंने हर बिहारी से राज्य को विकसित, समृद्ध और गौरवशाली बनाने का संकल्प लेने की अपील की।


वैशाली में स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिजनों का सम्मान
लोकतंत्र की धरती वैशाली में भी स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। हाजीपुर स्थित अक्षयवट राय स्टेडियम में जिले के प्रभारी मंत्री निशांत कुमार ने झंडोत्तोलन किया और परेड की सलामी ली।समारोह में डीएम वर्षा सिंह, एसपी शुभांक मिश्रा, स्थानीय विधायक समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिजनों को भी सम्मान देकर उनके योगदान को नमन किया गया।बिहार के इन तमाम जिलों में स्वतंत्रता दिवस का समारोह महज रस्म अदायगी तक सीमित नहीं रहा। तिरंगे की आन-बान-शान के बीच शहीदों की कुर्बानी को सलाम, नई पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति का संदेश और विकास के नए संकल्प का पैगाम भी दिया गया। आजादी के 80वें पड़ाव पर बिहार ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि लोकतंत्र, राष्ट्रीय एकता और विकास की राह पर राज्य मजबूती से आगे बढ़ने को तैयार है।


देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र, एसएसबी में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप-महानिरीक्षक विजय सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया। ध्वजारोहण के बाद अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, कार्मिकों, प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षुओं ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया।
इस अवसर पर उप-महानिरीक्षक विजय सिंह ने महानिदेशक, सशस्त्र सीमा बल की ओर से सभी प्रशिक्षुओं, कार्मिकों एवं संदीक्षा सदस्यों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

सासाराम से रंजन कुमार, पूर्णिया से अंकित कुमार,बांका से चंद्रशेखर भगत, सहरसा से छोटू, गया से मनोज कुमार, हाजीपुर से ऋषभ की रिपोर्ट