चिराग पासवान ने पटना में फहराया तिरंगा, जमुई में प्रभारी मंत्री ने किया ध्वजारोहण
Bihar News : पटना स्थित लोजपा रामविलास के पार्टी कार्यालय में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने झंडोत्तोलन किया। पार्टी के विधान परिषद सदस्य अशरफ अंसारी, विधायक राजू तिवारी समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। झंडोत्तोलन के बाद चिराग पासवान ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी की।
इस दौरान चिराग पासवान ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि आने वाले पांच, दस और पंद्रह वर्षों में भारत को कहां देखना है, इसी सकारात्मक सोच के साथ देश को आगे बढ़ाने की जरूरत है। चिराग ने विकसित भारत के निर्माण में युवाओं और महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए जात-पात, धर्म और मजहब से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्र के लिए काम करने की अपील की।
चिराग पासवान ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए बड़ी सोच और बड़े लक्ष्यों के साथ आगे बढ़ना होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री की सोच का समर्थन करते हुए कहा कि आउट ऑफ द बॉक्स सोच के साथ हर देशवासी को विकसित भारत के संकल्प में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। साथ ही उन्होंने देश में अराजकता फैलाने और विदेशी ताकतों के समर्थन से भारत की प्रगति को रोकने वाली सोच को चिन्हित करने की जरूरत बताई। उन्होंने सकारात्मक ऊर्जा को प्रोत्साहित करते हुए एकजुट होकर भारत को विकसित और मजबूत राष्ट्र बनाने की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
जमुई में प्रभारी मंत्री संजय सिंह ने किया ध्वजारोहण
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कृष्णा सिंह स्टेडियम, जमुई में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री सह प्रभारी मंत्री, जमुई संजय सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर मंत्री संजय सिंह ने स्वतंत्रता सेनानियों एवं संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। हमें संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को मजबूत करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।

उन्होंने सभी नागरिकों से सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लेने तथा राष्ट्रहित में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।