Bihar Expressway: पटना–पूर्णिया एक्सप्रेस-वे से बदलेगा पूर्वांचल का भूगोल, छह जिलों को मिलेगा सीधा कनेक्शन, बिहार की विकास यात्रा को मिलने लगी रफ्तार

Bihar Expressway:पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे पटना से शुरू होकर वैशाली, पाटलिपुत्र, समस्तीपुर, दरभंगा और सहरसा होते हुए पूर्णिया तक जाएगी।...

Patna Purnia Expressway
पटना–पूर्णिया एक्सप्रेस-वे से बदलेगा पूर्वांचल का भूगोल- फोटो : social Media

Bihar Expressway: बिहार के बुनियादी ढांचे को नई गति देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे को राज्य का पहला पूर्ण विकसित एक्सप्रेस-वे बताया जा रहा है। यह प्रस्तावित परियोजना राष्ट्रीय एक्सप्रेस-वे-9 के तहत विकसित की जा रही है, जो छह लेन की आधुनिक सड़क होगी और राज्य के कई प्रमुख जिलों को सीधे जोड़ते हुए आर्थिक गतिविधियों का नया मार्ग प्रशस्त करेगी।

यह महत्वाकांक्षी परियोजना पटना से शुरू होकर वैशाली, पाटलिपुत्र, समस्तीपुर, दरभंगा और सहरसा होते हुए पूर्णिया तक जाएगी। इसके माध्यम से न केवल उत्तर बिहार के जिलों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि पूर्वी भारत के व्यापार और परिवहन नेटवर्क को भी नई ऊर्जा मिलेगी। इस एक्सप्रेस-वे के बनने से एनएच-22 और एनएच-27 के बीच सीधा और सुगम संपर्क स्थापित होगा, जिससे यातायात व्यवस्था अधिक तेज और सुविधाजनक हो जाएगी।

इस परियोजना को लेकर सांसद सह लोकसभा में भाजपा के सचेतक डॉ गोपाल जी ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह लगभग ढाई सौ किलोमीटर लंबा एक्सप्रेस-वे अत्याधुनिक तकनीक से निर्मित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से जुड़े सभी प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताओं को तेजी से पूरा करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।डॉ. ठाकुर ने कहा कि यह एक्सप्रेस-वे केवल एक सड़क परियोजना नहीं है, बल्कि बिहार के आर्थिक पुनर्निर्माण की एक मजबूत कड़ी साबित होगा। इसके निर्माण से उत्तर बिहार के कृषि उत्पादों, औद्योगिक वस्तुओं और व्यापारिक गतिविधियों को सीधा राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। साथ ही बंगाल तक व्यापारिक संपर्क और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

स्थानीय स्तर पर इस परियोजना को लेकर उत्साह का माहौल है। लोगों का मानना है कि बेहतर सड़क संपर्क से न केवल यात्रा का समय घटेगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास में भी तेजी आएगी। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों को इसका व्यापक लाभ मिलने की उम्मीद है।

सरकारी स्तर पर यह भी माना जा रहा है कि इस एक्सप्रेस-वे के निर्माण से बिहार में निवेश का माहौल मजबूत होगा और उद्योगों को एक नई दिशा मिलेगी। विशेषज्ञों का कहना है कि यह परियोजना आने वाले वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था को गति देने में अहम भूमिका निभाएगी।इस प्रकार पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे बिहार के विकास की एक नई इबारत लिखने जा रहा है, जो सड़क, रोजगार और व्यापार तीनों क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन का आधार बनेगा।