पटना में बड़ा रेल हादसा: इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस से टकराई पिकअप वैन, मलबे में तब्दील हुई गाड़ी, टला बड़ा जानमाल का नुकसान

फतुहा के नियाजीपुर के पास शनिवार सुबह इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस की पिकअप वैन से जोरदार भिड़ंत हो गई। बिना फाटक वाली क्रॉसिंग पर हुए इस हादसे में वैन के परखच्चे उड़ गए, हालांकि ड्राइवर ने कूदकर जान बचाई।

पटना में बड़ा रेल हादसा: इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस से टकराई

Patna - पटना जिले के फतुहा रेल खंड पर शनिवार की सुबह एक भीषण हादसा होते-होते बच गया। इस्लामपुर से चलकर हटिया जाने वाली 18623 अप इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस नियाजीपुर के पास एक पिकअप वैन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वैन के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई। गनीमत यह रही कि ट्रेन की चपेट में आने से पहले ही वैन का ड्राइवर कूदकर भाग निकला, जिससे उसकी जान बच गई और एक बड़ा रेल हादसा टल गया।

दनियावां से खुलते ही हुआ हादसा 

प्रत्यक्षदर्शियों और रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस शनिवार सुबह 7:19 बजे इस्लामपुर से रवाना हुई थी। ट्रेन दनियावां स्टेशन से खुलकर फतुहा की ओर बढ़ रही थी। सुबह करीब 8:20 बजे जब ट्रेन फतुहा स्टेशन पहुंचने वाली थी, तभी नियाजीपुर के समीप यह घटना घट गई। ट्रेन की रफ्तार अधिक होने के कारण वैन से टकराते ही तेज आवाज हुई और अफरा-तफरी मच गई।

बिना फाटक वाली क्रॉसिंग पर लापरवाही


हादसे का मुख्य कारण बिना फाटक वाली क्रॉसिंग को माना जा रहा है। बताया जाता है कि नियाजीपुर के पास एक बंद गुमटी (अनमैन्ड क्रॉसिंग) से एक पिकअप वैन चालक जबरन पटरी पार करने की कोशिश कर रहा था। उसी वक्त तेज रफ्तार एक्सप्रेस ट्रेन वहां पहुंच गई। ट्रेन को बिल्कुल नजदीक पाकर चालक वैन को पटरी पर ही छोड़कर कूद गया। ट्रेन ने वैन को जोरदार टक्कर मारी, जिससे वैन के टुकड़े ट्रैक के आसपास बिखर गए।

दो घंटे तक बाधित रहा रेल परिचालन


इस दुर्घटना के बाद ट्रेन घटनास्थल पर ही खड़ी हो गई। टक्कर की खबर मिलते ही आरपीएफ (RPF), जीआरपी (GRP) और स्थानीय पुलिस की टीम भारी दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में क्रेन के जरिए दुर्घटनाग्रस्त वैन के मलबे को ट्रैक से हटाया गया। इस प्रक्रिया में करीब दो घंटे का समय लगा, जिसके कारण इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस और इस रूट की अन्य ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर रुकी रहीं।

10 बजे के बाद शुरू हुआ परिचालन 

रेलवे प्रशासन ने स्थिति को सामान्य करने के बाद ट्रैक की पूरी जांच की। सुबह करीब 10:00 बजे के बाद ट्रैक को फिट घोषित किया गया और इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस को आगे के लिए रवाना किया गया। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि वैन चालक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है जिसने प्रतिबंधित स्थान से गाड़ी निकालने का प्रयास किया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है और कोई यात्री घायल नहीं हुआ है।

रिपोर्ट - रजनीश