Bihar weather: पटना-गया तप रहे, सीमांचल भीग रहा,48 घंटे बाद बदलेगा बिहार का मौसम! कहीं लू का कहर तो कहीं आंधी-पानी का अलर्ट

Bihar weather: बिहार में इन दिनों मौसम ने दोहरी तस्वीर पेश कर दी है। एक तरफ दक्षिण बिहार भीषण गर्मी और लू की चपेट में सुलग रहा है...

Bihar Weather Patna Gaya Sizzle Seemanchal Soaks Shift Soon
पटना-गया तप रहे, सीमांचल भीग रहा- फोटो : X

Bihar weather: बिहार में इन दिनों मौसम ने दोहरी तस्वीर पेश कर दी है। एक तरफ दक्षिण बिहार भीषण गर्मी और लू की चपेट में सुलग रहा है, तो दूसरी तरफ सीमांचल और उत्तर बिहार के कई इलाकों में पुरवा हवा, बादलों की आवाजाही और आंधी-पानी ने लोगों को तपिश से कुछ राहत दी है। मौसम के इस बदले मिजाज ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।

मौसम विभाग के मुताबिक 25 से 29 मई तक प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। राजधानी पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और दरभंगा समेत कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में भारी बारिश को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार मौसम सेवा केंद्र ने दक्षिण बिहार के बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद और गयाजी में सोमवार को लू और गर्म दिन को लेकर चेतावनी जारी की है। यहां पछुआ हवा के थपेड़ों ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। सुबह से ही निकल रही झुलसा देने वाली धूप और तपती हवाओं ने सड़कों को सुनसान कर दिया है। लगातार चार दिनों से पड़ रही प्रचंड गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा है।

वहीं दूसरी ओर किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, पूर्वी और पश्चिम चंपारण, सीवान तथा सारण के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने और आंधी-पानी के आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि 26 मई से दक्षिण-पश्चिम बिहार को छोड़कर लगभग पूरे राज्य में बारिश और तेज हवा का असर देखने को मिल सकता है।

अगले तीन से चार दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। खासकर मुजफ्फरपुर जिले में अगले दो दिनों तक मौसम राहत भरा रहने का अनुमान है। यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कई जगहों पर बारिश भी हो सकती है।