Bihar Flood Politics: बिहार की बाढ़ पर सियासत तेज, राहुल-प्रियंका-खड़गे ने सरकार से मांगी तेज राहत

Bihar Flood Politics: बिहार के 15 जिलों में बाढ़ से बिगड़े हालात के बीच राहत और बचाव अभियान के साथ सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है।...

Bihar Flood Politics
बाढ़ पर सियासत तेज- फोटो : social Media

Bihar Flood Politics: बिहार के 15 जिलों में बाढ़ से बिगड़े हालात के बीच राहत और बचाव अभियान के साथ सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। राज्य सरकार जहां प्रभावित परिवारों तक हरसंभव मदद पहुंचाने का दावा कर रही है, वहीं विपक्ष लगातार सरकार और प्रशासन पर बाढ़ पीड़ितों की अनदेखी का आरोप लगा रहा है। इसी बीच कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने बिहार की बाढ़ और जनहानि पर चिंता जताते हुए सरकार से राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने की मांग की है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इंटरनेट मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर बाढ़ में हुई जनहानि को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने आपदा में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए कहा कि इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के साथ उनकी सहानुभूति है। राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी आगे बढ़कर बाढ़ प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करने की अपील की।

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी बिहार में बाढ़ से हुई तबाही पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लाखों लोग बाढ़ की चपेट में हैं और बड़ी तादाद में जन-धन की क्षति हुई है। उन्होंने सरकार से राहत और बचाव अभियान तेज करने की अपील की, ताकि प्रभावित परिवारों तक जल्द मदद पहुंच सके। साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जरूरतमंदों की यथासंभव सहायता करने को कहा।

वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बाढ़ से हुई जनहानि को पीड़ादायक बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने दावा किया कि 15 जिलों में करीब 50 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं और हजारों गांवों में जनजीवन अस्त-व्यस्त है।

खड़गे ने सरकार और प्रशासन से राहत, बचाव, चिकित्सा सहायता और पुनर्वास कार्यों में पूरी ताकत झोंकने की मांग की। कांग्रेस नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों की मदद करने की अपील की है। ऐसे में बिहार की बाढ़ अब राहत-बचाव के साथ सियासी घमासान का भी मुद्दा बनती जा रही है।