Bihar Politics : बिहार सरकार के मंत्री संतोष सुमन ने लगाया आरोप, कहा अराजकता फैला कर सत्ता हासिल करना चाहता है विपक्ष
Bihar Politics : बिहार सरकार के मंत्री संतोष सुमन ने विपक्ष पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा की विपक्ष अराजकता फैला कर सत्ता हासिल करना चाहता है......पढ़िए आगे

PATNA : हम (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष सुमन ने कहा है कि विपक्ष अराजकता फैला कर सत्ता हासिल करना चाहता है। राजद के राज्यसभा सांसद मनोज झा की बातों से यह साफ हो गया है कि विपक्ष द्वारा"वोट चोरी" का आरोप किसी चुनावी प्रक्रिया को सुधारने का प्रयास नहीं, बल्कि देश में अराजकता फैलाना व जनता को भड़काना है।
सुमन ने कहा कि विपक्ष का रेजीम चेंज मॉडल बंगलादेश है। इस पूरे खेल को अमेरिका, नाटो, तुर्की और कई इस्लामी देशों जिनमें पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई भी शामिल है, द्वारा फंड प्रदान कर संचालित किया जा रहा है। जॉर्ज सोरेस और अमेरिकी डीप स्टेट की मंशा को सफल करने की दिशा में विपक्ष की तैयारी है।
उन्होंने कहा कि पिछले साल अगस्त में बांग्लादेश में हुए तख्ता पलट मॉडल को विपक्ष भारत मे दुहराने का मंसूबा पालकर चुनाव आयोग जैसे संवैधानिक संस्था पर सवाल खड़ा कर रहा है। इसीलिए विपक्ष की मंशा अपने भ्रामक तर्कों व तथ्यों से देश की जनता को गुमराह कर सरकार के खिलाफ भड़काना है।
सुमन ने कहा कि विपक्ष की चिंता भारत के वैध वोटरों के लिए नहीं, घुसपैठिये व फर्जी वोटर को बचाने की हैं, जिनके बल पर वह सत्ता हासिल करना चाहता है। ऐसे में भारतीय संवैधानिक संस्थाओं, भारत सरकार व इस देश की जनता को सतर्क रहने की जरूरत है।