Bihar News: बिहार सरकार का खिलाड़ियों को बड़ा तोहफा, ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना में 87 खिलाड़ियों को नीतीश कुमार देंगे सरकारी नौकरी, 813 को 7.43 करोड़ का खेल सम्मान
Bihar News:मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज राजगीर की राज्य खेल अकादमी में आयोजित समारोह में 87 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी का चयन पत्र देंगे।...

Bihar News: बिहार के खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज राजगीर की राज्य खेल अकादमी में आयोजित समारोह में 87 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी का चयन पत्र देंगे। ये खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता हैं, जिनमें 39 महिला और 48 पुरुष शामिल हैं।
मेडल लाओ, नौकरी पाओ योजना के तहत चयनित खिलाड़ियों को उनकी योग्यता और पदानुसार विभिन्न विभागों में नियुक्त किया जाएगा। इसमें पुलिस अवर निरीक्षक के रूप में 10 खिलाड़ियों को नियुक्त किया गया है, जिनमें 8 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। इसके अलावा बाल कल्याण पदाधिकारी के 5400/- पे ग्रेड में एक खिलाड़ी, निम्नवर्गीय लिपिक के 1900-2000/- पे ग्रेड में 65 और कार्यालय परिचारी के रूप में 11 खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
साथ ही, इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 813 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल अधिकारियों के बीच कुल 7.43 करोड़ रुपए की खेल सम्मान राशि का वितरण करेंगे। यह राशि उन लोगों को दी जा रही है जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
इस वर्ष खेल सम्मान राशि पाने वालों में 152 पैरा खिलाड़ी, 631 खिलाड़ी, 24 प्रशिक्षक, 5 खेल संघ और 1 खेल अधिकारी शामिल हैं। कुल 783 खिलाड़ियों में 297 महिला और 486 पुरुष हैं।
राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्र शंकरण के अनुसार, 2022 से 2025 तक कुल 2085 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के बीच लगभग 23.5 करोड़ रुपये खेल सम्मान राशि के रूप में वितरित किए जा चुके हैं।
इस पहल से बिहार के खिलाड़ियों को न केवल आर्थिक प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि उन्हें सरकारी नौकरी के माध्यम से स्थिर भविष्य और समाज में सम्मान भी प्राप्त होगा। यह कदम राज्य सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा देने और प्रतिभाओं को पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।