Bihar News: बिहार के कैदियों का बनेगा ई-श्रम कार्ड ! विधानसभा अध्यक्ष ने कारा सुधार समिति का किया गठन, जेलों में होंगे कई बदलाव

Bihar News: बिहार के जेलों में कई अहम बदलाव किए जाएंगे। कैदियों के लिए ई-श्रम कार्ड बनाया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कारा सुधार समिति का गठन किया है। इस समिति में 15 सदस्य शामिल हैं।

ई श्रम कार्ड
कैदियों का बनेगा ई-श्रम कार्ड - फोटो : social media

Bihar News:  बिहार की जेलों की व्यवस्था में जल्द बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। अब राज्य की सभी जेलों में बंदियों के लिए ई-श्रम कार्ड बनाए जाएंगे। यह जानकारी बाढ़ के भाजपा विधायक डॉ. सियाराम सिंह ने एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में दी। डॉ. सियाराम सिंह विधानसभा की कारा कार्य सुधार समिति के सदस्य भी हैं।

कैदियों का बनेगा ई-श्रम कार्ड 

उन्होंने बताया कि राज्य के सभी कारागारों में बंदियों के लिए ई-श्रम कार्ड तैयार किए जाएंगे, ताकि जेल से निकलने के बाद वो समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें और उन्हें रोजगार और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिल सके। इसके साथ ही हर जेल में एक मनोचिकित्सक की तैनाती की जाएगी, ताकि बंदियों की आपराधिक मानसिकता में सुधार लाया जा सके।

जेलों के खान--पान में होगा बदलाव 

डॉ. सियाराम सिंह ने कहा कि आने वाले समय में जेलों के खान-पान सहित कई व्यवस्थाओं में बदलाव किया जाएगा। विधानसभा कारा सुधार समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि अब प्रत्येक माह जेलों का नियमित निरीक्षण किया जाएगा और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन सुधारों का उद्देश्य जेलों को सिर्फ सजा का स्थान नहीं, बल्कि सुधार और पुनर्वास का केंद्र बनाना है।

कारा सुधार समिति में 15 सदस्य शामिल 

विधानसभा अध्यक्ष के द्वारा बनाए गए कारा सुधार समिति में 15 सदस्य शामिल हैं। निशा सिंह को समिति का सभापति बनाया गया है। वहीं अन्य 14 इस समिति के सदस्य हैं। जिनमें लाल बाबू प्रसाद गुप्ता, ललित नारायण मंडल, प्रमोद कुमार सिन्हा, कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, कविता देवी, विनय कुमार चौधरी, सियाराम सिंह, नागेंद्र राउत, रंजन कुमार, शंकर प्रसाद, सुभाष सिंह, राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह, अभिषेक आनंद और राहुल कुमार सिंह शामिल हैं। इस समिति का कार्यकाल 31 मार्च 2026 तक होगा। 

बाढ़ से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट