बिहार विधान परिषद स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन: शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव के लिए पटना पुलिस पूरी तरह मुस्तैद, मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बिहार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए कल शुक्रवार को मतदान होना है। इधर चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने को लेकर पटना पुलिस द्वारा पूरी तैयारी की गई है। मतदान केन्द्रों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस की तैनाती की है
Patna : बिहार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने हेतु पटना पुलिस प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस महत्वपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया में राजधानी पटना और नालंदा जिले सहित कई अन्य जिले शामिल हैं, जहां पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं।
मतदान केंद्रों पर तैनात किए गए जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट
निर्वाचन के मद्देनजर पटना एवं नालंदा दोनों जिलों के सभी निर्धारित मतदान केंद्रों पर आवश्यक बुनियादी सुविधाएं एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई हैं। निष्पक्ष मतदान कराने के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर मजिस्ट्रेटों के साथ सशस्त्र पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त, संपूर्ण इलाके में सघन गश्ती, भ्रमणशीलता और लगातार निगरानी बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर, वरीय अधिकारी करेंगे मॉनिटरिंग
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं। सभी वरीय पदाधिकारी स्वयं मैदान में मौजूद रहकर विधि-व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेंगे। पुलिस प्रशासन ने कड़ा संदेश दिया है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान यदि किसी भी असामाजिक तत्व या उपद्रवी द्वारा मतदान को प्रभावित करने या माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया, तो उसके खिलाफ कानून के तहत बेहद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन और मतदाताओं से अपील
आदर्श आचार संहिता का पूर्ण अनुपालन कराने के साथ-साथ चुनाव की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र के सभी सम्मानित मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना किसी भय या दबाव के निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और इस लोकतांत्रिक पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें।
अनिल की रिपोर्ट