Masaurhi police attack: पुलिस पर फायरिंग करने वालों की अब खैर नहीं! SSP का बड़ा ऐलान- एक-एक आरोपी होगा गिरफ्तार

Masaurhi police attack: मसौढ़ी के मणिचक गांव में पुलिस टीम पर हुए हमले में घायल प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार और एएसआई संजय कुमार से मिलने पटना एसएसपी देर रात एम्स पहुंचे। डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली।

Masaurhi police attack
बिहार पुलिस पर हमला- फोटो : social media

Masaurhi police attack: मसौढ़ी के मणिचक गांव में पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले में घायल प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार और एएसआई संजय कुमार से मिलने पटना के एसएसपी शुक्रवार देर रात एम्स पहुंचे। उन्होंने ट्रॉमा सेंटर में भर्ती दोनों पुलिस अधिकारियों का हालचाल जाना और उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान एसएसपी ने कहा कि पुलिस अपने जवानों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उनके इलाज में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।

एम्स में एसएसपी ने अस्पताल के निदेशक और डॉक्टरों की टीम से दोनों घायल अधिकारियों के इलाज की पूरी जानकारी ली। चिकित्सकों ने उन्हें बताया कि राहुल कुमार और एएसआई संजय कुमार की हालत फिलहाल स्थिर है और दोनों खतरे से बाहर हैं। इसके बाद एसएसपी ने निर्देश दिया कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

पुलिसकर्मियों के इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाएगी

एसएसपी ने साफ कहा कि दोनों घायल पुलिसकर्मियों के इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाएगी। उन्होंने कहा कि चिकित्सा व्यवस्था में किसी भी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी और जरूरत पड़ने पर हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि दोनों अधिकारी जल्द स्वस्थ हो सकें। अस्पताल में मौजूद घायल अधिकारियों के परिजनों से भी एसएसपी ने मुलाकात की। उन्होंने परिवार के लोगों को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में पूरा पुलिस विभाग उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि विभाग हर संभव सहायता देगा और किसी भी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है।

पुलिस पर हमला करने वालों को कड़ा संदेश

मीडिया से बातचीत के दौरान एसएसपी ने पुलिस पर हमला करने वालों को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद एसएसपी स्वयं मणिचक गांव पहुंचे और पूरे इलाके की स्थिति का जायजा लिया। उनके निर्देश पर धनरुआ, गौरीचक, परसा और पुनपुन थाना की अतिरिक्त पुलिस बल को गांव में तैनात कर दिया गया है। साथ ही संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है ताकि हमलावरों को जल्द पकड़ा जा सके।

पुलिस अधिकारियों और जवानों का आना-जाना लगा रहा

एम्स में देर रात तक पुलिस अधिकारियों और जवानों का आना-जाना लगा रहा। घायल होने के बावजूद प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार और एएसआई संजय कुमार ने जल्द स्वस्थ होकर फिर से अपनी ड्यूटी पर लौटने की इच्छा जताई। उनके इस जज्बे ने पूरे पुलिस महकमे का मनोबल और बढ़ा दिया है।