Chhath Puja 2026: छठ की तैयारियों का जायजा लेने ऐतिहासिक उलार सूर्य मंदिर पहुंचे मंत्री प्रमोद कुमार,अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लेने बिहार सरकार के मंत्री प्रमोद कुमार पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल अंतर्गत दुल्हिनबाजार प्रखंड के ऐतिहासिक उलार सूर्य मंदिर पहुंचे। उन्होंने तालाब की सफाई का निरीक्षण किया और भरतपुरा लाइब्रेरी भी गए।
पटना (पालीगंज): लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार गुरुवार को पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल अंतर्गत दुल्हिनबाजार प्रखंड के ऐतिहासिक 'ओलार्क (उलार्क/उलार) सूर्य मंदिर' पहुँचे। मंत्री बनने के बाद उनके पहली बार उलार धाम पहुँचने पर मंदिर कमेटी के उत्साही सदस्यों ने उन्हें अंग वस्त्र और उलार सूर्य मंदिर का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरे से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में महापर्व की तैयारियों को लेकर उत्साह और बढ़ गया है।
तालाब की साफ-सफाई और चल रहे निर्माण कार्यों का किया बारीकी से निरीक्षण
मंदिर परिसर पहुँचने के बाद मंत्री प्रमोद कुमार ने सबसे पहले परिसर में स्थित ऐतिहासिक और पवित्र सूर्य कुंड तालाब की साफ-सफाई तथा वहाँ चल रहे विभिन्न विकास व निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ पालीगंज अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) चंदन कुमार सहित जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के तमाम वरीय अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए और यदि कोई कमी है, तो उसे समय रहते तुरंत दूर किया जाए।

देश-विदेश से आने वाले व्रतियों के लिए की जा रही है विशेष और सुदृढ़ व्यवस्था
मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा कि राज्य सरकार छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है और प्रशासन के अधिकारी हरसंभव व्यवस्था सुनिश्चित करने में जुटे हैं। उन्होंने कहा, "आज इस ऐतिहासिक और प्राचीन उलार धाम पहुँचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया है। यहाँ न केवल बिहार के विभिन्न जिलों से, बल्कि देश-विदेश से भी लाखों छठ व्रती भगवान भास्कर को अर्घ्य देने आते हैं। व्रतियों के ठहरने, बेहतर साफ-सफाई और शुद्ध पेयजल व शौचालय की समुचित व्यवस्था की जा रही है।"

भरतपुरा की ऐतिहासिक लाइब्रेरी का भी किया भ्रमण, दुर्लभ दस्तावेजों को देखा
उलार सूर्य मंदिर के सफल निरीक्षण के पश्चात मंत्री प्रमोद कुमार दुल्हिनबाजार प्रखंड के ही प्रसिद्ध भरतपुरा गाँव स्थित ऐतिहासिक लाइब्रेरी (पुस्तकालय) भी पहुँचे। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय में सहेज कर रखे गए ऐतिहासिक दस्तावेजों, पांडुलिपियों और तमाम दुर्लभ संग्रहों का बारीकी से अवलोकन किया। मंत्री ने पुस्तकालय में मौजूद ऐतिहासिक धरोहरों के बारे में विस्तार से जानकारी ली और इसके संरक्षण की सराहना की।
पालीगंज से ऋषिकेश की रिपोर्ट