Bihar News: दिल्ली में साहित्यिक सियासत का संगम, केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की किताब अपनापन के लोकार्पण में शामिल होंगे बिहार के मंत्री श्रवण कुमार

Bihar News: केन्द्रीय ग्रामीण विकास व कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लिखित पुस्तक अपनापन के विमोचन समारोह में ग्रामीण विकास विभाग मंत्री श्रवण कुमार को भी आमंत्रित किया गया है...

Bihar Minister Shravan Kumar to Attend Shivraj Singh Book La
शिवराज सिंह चौहान की किताब के लोकार्पण में शामिल होंगे बिहार के मंत्री श्रवण कुमार- फोटो : reporter

Bihar News: राजनीतिक और साहित्यिक हलकों में एक अहम कार्यक्रम के तहत केन्द्रीय ग्रामीण विकास व कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लिखित पुस्तक अपनापन: नरेन्द्र मोदी संग मेरे अनुभव के विमोचन समारोह को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। यह किताब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ उनके तीन दशकों से अधिक पुराने राजनीतिक संबंधों, अनुभवों और विचार-यात्रा पर आधारित बताई जा रही है।

इस विशेष अवसर पर बिहार के सूचना एवं जन-संपर्क, ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री एवं जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार को भी आमंत्रित किया गया है, जो दिल्ली स्थित पूसा के एन.ए.एस.सी कॉम्पलेक्स में आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

कार्यक्रम को और भी गरिमामय बनाने के लिए देश के कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति तय मानी जा रही है, जिनमें पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवगौड़ा शामिल रहेंगे।

अपनापन पुस्तक का प्रकाशन प्रभात प्रकाशन द्वारा किया गया है और इसमें शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने लंबे राजनीतिक सफर, संगठनात्मक अनुभवों और सेवा-भाव से जुड़े कई पहलुओं को विस्तार से साझा किया है। किताब में नेतृत्व, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के भावों को केंद्र में रखते हुए उन पलों का वर्णन किया गया है, जिन्होंने भारतीय राजनीति की दिशा को प्रभावित किया है।यह विमोचन समारोह केवल एक पुस्तक लॉन्च नहीं, बल्कि सत्ता, अनुभव और विचारधारा के संगम का प्रतीक माना जा रहा है, जिस पर पूरे राजनीतिक गलियारों की नजर टिकी हुई है।