बिहार विधान परिषद चुनाव:एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में बिक्रम प्रखंड में जोरदार जनसंपर्क, अतुल कुमार ने की अपील

बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर बिक्रम प्रखंड में एनडीए प्रत्याशियों नीरज कुमार और प्रो. नवल किशोर यादव के समर्थन में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया गया। अतुल कुमार समेत कई नेताओं ने प्रथम वरीयता मत देने की अपील की।

Bihar MLC Election news
बिक्रम में एनडीए नेताओं ने चलाया सघन अभियान, भारी मतों से जिताने की अपील- फोटो : Reporter

बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में आज पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार एवं पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी प्रो. नवल किशोर यादव को भारी मतों से विजयी बनाने हेतु बिक्रम प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत एनडीए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दर्जनों गांवों, स्कूलों और कॉलेजों का दौरा कर शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं से मुलाकात की और उनके पक्ष में मतदान करने की अपील की।



अनुभवी नेता ही उठाएंगे शिक्षकों और स्नातकों की आवाज़: अतुल कुमार


इस अवसर पर बिक्रम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी अतुल कुमार ने मतदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि, "एनडीए सरकार ने हमेशा शिक्षकों एवं शिक्षित युवाओं के हित में कार्य किया है। नीरज कुमार एवं प्रो. नवल किशोर यादव अनुभवी, शिक्षित एवं संघर्षशील नेता हैं। विधान परिषद में वे शिक्षकों और स्नातकों की आवाज को पूरी मजबूती से उठाएंगे।" उन्होंने सभी स्नातक एवं शिक्षक भाइयों-बहनों से अपील की कि वे राष्ट्रहित और शिक्षक हित में एनडीए प्रत्याशियों को अपना बहुमूल्य प्रथम वरीयता मत देकर भारी मतों से विजयी बनाएं।



ये प्रमुख नेता और कार्यकर्ता रहे मुस्तैद


इस व्यापक जनसंपर्क अभियान में बिक्रम विधानसभा के पूर्व भाजपा प्रत्याशी अतुल कुमार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष तेजनारायण शर्मा, विधानसभा संयोजक नीरज कुमार, भाजयुमो के प्रदेश सह संयोजक रजनीश तिवारी सहित एनडीए के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता और स्थानीय नेता प्रमुख रूप से शामिल रहे।



शैक्षणिक विकास को मिलेगी नई गति


अभियान में शामिल भाजपा जिला उपाध्यक्ष तेजनारायण शर्मा ने कहा कि एनडीए प्रत्याशियों की जीत बिहार के शैक्षणिक विकास को एक नई गति देगी। वहीं विधानसभा संयोजक नीरज कुमार ने सभी मतदाताओं से एकजुट होकर नीरज कुमार एवं प्रो. नवल किशोर यादव को अपना समर्थन और वोट देकर विजयी बनाने का आह्वान किया।

ऋषिकेश की रिपोर्ट