दुर्गापूजा को लेकर नवादा प्रशासन अलर्ट: DM और SP ने अर्धसैनिक बलों के साथ निकाला फ्लैग मार्च, हुड़दंगियों को कड़ी चेतावनी

दुर्गापूजा के त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए नवादा जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया और अफवाह फैलाने वालों और हुडदंगियों पर प्रशासन की पैनी नजर है.....

दुर्गापूजा को लेकर नवादा प्रशासन अलर्ट: DM और SP ने अर्धसैनि
दुर्गापूजा को लेकर नवादा प्रशासन अलर्ट- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले में शारदीय नवरात्र और दुर्गापूजा के त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को नवादा समाहरणालय से जिलाधिकारी (DM) रवि प्रकाश और पुलिस अधीक्षक (SP) अभिनव धीमान खुद भारी सुरक्षा बल और अर्धसैनिक जवानों के साथ सड़कों पर उतरे और शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान शीर्ष अधिकारियों ने शहरवासियों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण तरीके से दुर्गापूजा का पर्व मनाएं।


अस्पताल रोड, स्टेशन रोड और सोनार पट्टी समेत कई इलाकों में किया गया भ्रमण

यह फ्लैग मार्च नवादा समाहरणालय से प्रारंभ होकर शहर के व्यस्त और संवेदनशील मार्गों जैसे अस्पताल रोड, स्टेशन रोड और सोनार पट्टी रोड सहित विभिन्न प्रमुख चौराहों व बाजारों से गुजरा। इस दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया तथा दुकानदारों एवं आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने का कड़ा संदेश दिया।


सोशल मीडिया और अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर, होगी कठोर कार्रवाई

जिला प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी करने, भ्रामक खबरें या अफवाह फैलाने और आपसी माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों को बिल्कुल बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग या शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी।


चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती

दुर्गापूजा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए शहर के विभिन्न पूजा पंडालों और महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस पदाधिकारियों तथा दंडाधिकारियों की पर्याप्त प्रतिनियुक्ति की गई है। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि सभी श्रद्धालु बिना किसी डर या बाधा के शांतिपूर्ण माहौल में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर सकें और किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।


फ्लैग मार्च में शामिल रहे जिले के तमाम दिग्गज प्रशासनिक अधिकारी

निकाले गए इस फ्लैग मार्च में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के अलावा सदर एसडीओ अमित अनुराग, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हुलास कुमार, पुलिस अधिकारी निशु मलिक, और नगर थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह सहित कई अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी प्रमुख रूप से शामिल रहे। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर बिल्कुल ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या जिला प्रशासन को दें।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट