Bihar MLC Polls Begin: बिहार MLC की 8 सीटों पर वोटिंग शुरू, 150 उम्मीदवारों की दांव पर किस्मत

Bihar MLC Polls Begin:बिहार की सियासत में आज का दिन बेहद अहम है। विधान परिषद की आठ सीटों पर सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया है। ...

Bihar MLC Polls Begin
8 सीटों पर वोटिंग शुरू- फोटो : X

Bihar MLC Polls Begin:बिहार की सियासत में आज का दिन बेहद अहम है। विधान परिषद की आठ सीटों पर सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया है। स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में हो रहे इस चुनाव में कुल 150 उम्मीदवारों की किस्मत मतपेटियों में बंद होगी। पांच लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर उम्मीदवारों के सियासी भविष्य का फैसला करेंगे। चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है और प्रदेश के कई इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

933 मतदान केंद्रों पर वोटिंग, प्रशासन की पैनी नजर

विधान परिषद चुनाव के लिए राज्यभर में कुल 933 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। पटना और नालंदा में सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा के बाद पटना रेंज के आईजी जितेंद्र राणा ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है।

आईजी ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान गड़बड़ी करने या अशांति फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा। वरीय पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था कायम रहे।

पटना में 42 उड़न दस्ते, 17 मजिस्ट्रेट तैनात

राजधानी पटना में चुनावी सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां 42 उड़न दस्तों और 17 मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। प्रशासन का जोर मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और किसी भी संभावित गड़बड़ी पर तत्काल कार्रवाई करने पर है। संबंधित क्षेत्रों के कर्मियों को मतदान के लिए आकस्मिक अवकाश भी दिया गया है।

पटना नगर निगम ने भी मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के लिए विशेष तैयारी की है। नगर निगम क्षेत्र के सभी 24 मतदान केंद्रों पर 240 से अधिक कर्मियों को लगाया गया है। प्रत्येक केंद्र पर पांच-पांच सफाई कर्मी दो शिफ्ट में काम कर रहे हैं। मतदान से पहले सभी केंद्रों पर विशेष सफाई अभियान और डीप क्लीनिंग कराई गई है।

पटना स्नातक सीट पर मुकाबले पर निगाहें

आठ सीटों के इस चुनाव में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र भी चर्चा के केंद्र में है। यहां अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच मुकाबले को लेकर राजनीतिक हलकों में दिलचस्पी बनी हुई है। हालांकि, चुनाव का अंतिम परिणाम मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगा। दरभंगा स्नातक सीट पर उम्मीदवारों की संख्या सबसे अधिक बताई गई है, जहां 40 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस सीट पर भाजपा, राजद, कांग्रेस और जन सुराज सहित विभिन्न दलों ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

पांच लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे फैसला

विधान परिषद चुनाव 2026 में कुल 5,32,847 मतदाता आठों सीटों पर उम्मीदवारों की जीत-हार तय करेंगे। चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 4,92,594 मतदाता हैं, जिनमें 3,55,522 पुरुष, 1,37,038 महिलाएं और 34 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।स्नातक सीटों के आंकड़ों के मुताबिक, कोसी में 1,34,072, तिरहुत में 1,43,988, दरभंगा में 1,26,951 और पटना में 87,583 मतदाता हैं।वहीं, चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 40,253 मतदाता हैं। इनमें 30,677 पुरुष, 9,573 महिलाएं और तीन थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। तिरहुत शिक्षक सीट पर 8,760, दरभंगा में 9,026, पटना में 11,719 और सारण में 10,748 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।फिलहाल, सभी की निगाहें मतदान प्रतिशत, सुरक्षा व्यवस्था और मतदाताओं के रुझान पर टिकी हैं। आठ सीटों का यह चुनाव बिहार की राजनीतिक हलचल के बीच अहम माना जा रहा है। उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला मतगणना के बाद होगा।

ब्यूरो रिपोर्ट