Mokama Rain: मोकामा में बेमौसम तूफान का कहर, रेल सेवाएं हुई ठप, ट्रेनें फंसी, मजदूर घायल

Mokama Rain: मोकामा में तेज आंधी और वज्रपात से ट्रेनें रुक गई। इस वजह से मजदूर घायल हो गए। इस तरह से बिजली ठप हो गई और किसानों को भारी नुकसान हो गया।

Mokama Rain:
बेमौसम तूफान का कहर!- फोटो : social media

Mokama Rain:  मोकामा में शुक्रवार (20 मार्च 2026) शाम तेज आंधी और वज्रपात के कारण आम जन जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हावडा पटना रेलवे रूट पर ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। वहीं करीब एक दर्जन लोग वज्रपात के शिकार हो गए। साथ बिजली आपूर्ति बाधित होने से कई घन्टे से पूरा इलाका अंधेरे में डूबा है। 

मोकामा पटना रेल खंड के शिवनार के पास रेलवे ट्रैक पर रेल विद्युत आपूर्ति लाइन आंधी की चपेट में आ गई इससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई । शाम करीब 7:00 बजे के बाद से मोकामा से पटना की ओर जाने वाली कई ट्रेनें जहां तहां विभिन्न स्टेशनों पर 2 से 3 घंटे से खड़ी है। इसमें हावड़ा से देहरादून जाने वाली उपासना एक्सप्रेस, सहरसा से पटना जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस, क्यूल पटना पैसेंजर सहित आधा दर्जन से ज्यादा ट्रेन है ।  मोकामा से क्युल के बीच विभिन्न स्टेशनों पर दो से तीन घंटे से कई ट्रेनें खड़ी है। इस कारण हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। 

बिजली की चपेट में आने से किसान मजदूर घायल

मोकामा टाल इलाके में शुक्रवार शाम तेज आंधी के दौरान हुए वज्रपात के कारण आकाशीय बिजली की चपेट में आने से करीब एक दर्जन किसान मजदूर आंशिक रूप से इसकी चपेट में आ गए। आनन फनान में सभी मजदूरों को मोकामा ट्रामा सेंटर में उपचार के लिए दाखिल कराया गया जहां उनकी हालत चिंता से बाहर बताई जा रही है। सभी मजदूर फसल कटाई कर वापस लौट रहे थे।  इस बीच आंधी के कारण मोकामा और हाथीदह विद्युत ग्रिड से होने वाली विद्युत आपूर्ति भी बुरी तरह बाधित हुई है। करीब 20 किलोमीटर के इलाके में शाम से ही बिजली आपूर्ति पूरी तरीके से बंद है जिससे लोगों को कई किस्म की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 

बेमौसम आंधी पानी किसानों को पहुंचाया नुकसान

बेमौसम के इस आंधी पानी ने बिहार के सबसे बड़े दलहन उत्पादक इलाके में एक मोकामा बड़हिया टाल में भी व्यापक स्तर पर किसानों को नुकसान दिया है। दलहनी फसलों की कटाई का यह मौसम है। ऐसे में आंधी और बारिश के कारण फसलों को बड़ी स्तर पर नुकसान होने से किसानों की पूरे साल की कमाई चौपट होने की स्थिति में आ गई है।

न्यूज नेशन से प्रियदर्शन की रिपोर्ट