निशांत को ही सीएम बनाता होता तो नीतीश कुमार को दिल्ली क्यों भेजती भाजपा, बोले मुकेश सहनी - भ्रम फैला रही है जदयू
VIP सुप्रीमो मुकेश सहनी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। सहनी ने कहा कि लोकतंत्र में सबको अपनी बात रखने का हक है और अगर निशांत कुमार सक्रिय राजनीति में आते हैं, तो यह प्रदेश के हित में हो सकता है।
Patna - विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी ने बिहार में हाल के दिनों में पुलों के ढहने की घटनाओं को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। शुक्रवार रात पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने विक्रमशिला पुल के पिलर क्षतिग्रस्त होने और राज्य के अन्य हिस्सों में पुल गिरने की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की।
"मोदी सरकार के भ्रष्टाचार का नतीजा"
मुकेश सहनी ने कहा कि यह सब प्रधानमंत्री मोदी की सरकार के तहत हो रहे व्यापक भ्रष्टाचार का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है क्योंकि काम उन ठेकेदारों को दिया जाता है जो उनके "करीबी दोस्त" हैं। सहनी ने कहा, "जब काम में गुणवत्ता ही नहीं होगी, तो यही सब (पुल गिरना) देखने को मिलेगा।"
ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग
सहनी ने कड़े शब्दों में कहा कि बिहार के विभिन्न गांवों और शहरों में एक ही ब्रिज तीन-तीन बार गिरा है, लेकिन सरकार ने अब तक किसी भी जिम्मेदार ठेकेदार या कॉन्ट्रैक्टर पर सख्त कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कार्रवाई नहीं होगी, तो भविष्य में कोई भी ईमानदारी से काम करने के लिए कैसे प्रोत्साहित होगा?
निशांत कुमार को सीएम बनाने की मांग पर तंज
नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने की उठ रही मांगों पर सहनी ने चुटकी लेते हुए कहा, "मेरे समर्थन से कुछ नहीं होता, पूरा बिहार जानता है कि वह प्रदेश को कैसे चलाएंगे।" उन्होंने आगे कहा कि अगर नीतीश कुमार को वास्तव में अपने बेटे को आगे बढ़ाना होता, तो भाजपा उन्हें जबरदस्ती राज्यसभा भेजने की कोशिश क्यों करती? उन्होंने इसे जदयू नेताओं द्वारा फैलाया गया एक "भ्रम" करार दिया।
एनडीए में शामिल होने की अटकलों पर प्रतिक्रिया
जब मीडिया ने मुकेश सहनी से उनके एनडीए (NDA) में शामिल होने की खबरों पर सवाल पूछा, तो उन्होंने मजाकिया लहजे में पलटवार करते हुए कहा, "एनडीए हमारे पास आ रही है। मोदी जी से लेकर सभी लोग वीआईपी पार्टी जॉइन कर रहे हैं।" इस बयान के साथ उन्होंने एनडीए में जाने की अटकलों को फिलहाल हंसी में टाल दिया।
भविष्य की राजनीति और 'आत्मनिर्भर भारत' पर सवाल
सहनी ने केंद्र की 'आत्मनिर्भर भारत' नीति पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों से आत्मनिर्भरता की बात की जा रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर सरकार आज भी दूसरों पर निर्भर है। उन्होंने पड़ोसी देशों के साथ बेहतर संबंधों और नीतियों पर जोर देते हुए कहा कि जब तक हम आत्मनिर्भर नहीं होंगे, तब तक महंगाई और अव्यवस्था बढ़ती रहेगी।