विधायक अनंत सिंह बेऊर जेल से रिहा, लैंड क्रूजर से 'रॉयल' अंदाज में निकले बाहर; समर्थकों का उमड़ा सैलाब
पटना की बेऊर जेल से अनंत सिंह की रिहाई के बाद बिहार की सियासत और उनके समर्थकों में भारी उत्साह है। जानें उनके आगामी दौरे, मंदिर दर्शन और मोकामा में होने वाले रोड शो का पूरा शेड्यूल।
Patna - बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह पटना की बेऊर जेल से रिहा हो गए हैं। उनकी रिहाई पर समर्थकों ने जश्न मनाया और अब वे एक भव्य रोड शो की तैयारी में हैं। लगभग चार महीने बाद वह जेल से बाहर आए हैं। ऐसे में उनके समर्थकों में गजब उत्साह नजर आया।
जेल के बाहर समर्थकों का भारी हुजूम

पटना की बेऊर जेल से जैसे ही बाहुबली विधायक अनंत सिंह बाहर निकले, वहां पहले से मौजूद सैकड़ों समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। जेल के बाहर सुबह से ही गहमागहमी का माहौल बना हुआ था। समर्थकों ने अपने नेता का स्वागत फूलों की मालाओं और गुलाल से किया। अनंत सिंह के चेहरे पर वही चिर-परिचित अंदाज दिखा, जिसने उनके प्रशंसकों के बीच उत्साह को दोगुना कर दिया।

करोड़ों की 'लैंड क्रूजर' और रॉयल एग्जिट
जेल से रिहाई के बाद अनंत सिंह की 'रॉयल' विदाई चर्चा का विषय बनी हुई है। वे अपनी सफेद रंग की करोड़ों की कीमत वाली टोयोटा लैंड क्रूजर (Toyota Land Cruiser) कार से रवाना हुए। इस लग्जरी काफिले की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। रिहाई के बाद वे सीधे अपने पटना स्थित आवास पहुंचे, जहां समर्थकों का तांता लगा रहा।
बड़हिया में पूजा और विशेष कार्यक्रम

अनंत सिंह के आगामी कार्यक्रम को लेकर समर्थकों में काफी उत्साह है। तय कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 8:00 बजे पटना से पुरानी बख्तियारपुर रोड होते हुए बड़हिया के लिए प्रस्थान करेंगे। बड़हिया में वे प्रसिद्ध देवी स्थान, माँ बाला त्रिपुर सुंदरी मंदिर में मत्था टेकेंगे और पूजा-अर्चना करेंगे। धार्मिक अनुष्ठान के जरिए वे एक बार फिर अपने क्षेत्र की जनता के बीच सक्रिय होने का संदेश देंगे।
भोजन और जनसंपर्क का दौर
धार्मिक कार्यक्रम के बाद वे बाढ़ क्षेत्र के लिए रवाना होंगे। इस यात्रा के दौरान वे डुमरा के मुखिया विनीत के आवास पर रुकेंगे और वहां दोपहर का भोजन करेंगे। यह दौरा केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि एक बड़े जनसंपर्क अभियान के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि रास्ते में कई स्थानों पर स्थानीय नेताओं और ग्रामीणों द्वारा उनके भव्य स्वागत की तैयारी की गई है।
मोकामा में रोड शो और शक्ति प्रदर्शन
अनंत सिंह के दौरे का सबसे अहम हिस्सा मोकामा में होने वाला भव्य रोड शो होगा। मोकामा को उनका गढ़ माना जाता है, और वहां उनकी वापसी को लेकर समर्थकों ने विशेष इंतजाम किए हैं। पटना वापस लौटने के क्रम में भी कई जगहों पर स्वागत द्वार बनाए गए हैं। राजनीतिक गलियारों में इस रिहाई और रोड शो को भविष्य के सियासी समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है।
रिपोर्ट - रंजन कुमार