Bihar Panchayat Election 2026: बिहार पंचायत चुनाव 2026 से पहले सियासी हलचल तेज, हजार पंचायतों में चुनावी रणभेरी बजने को तैयार, गांवों में सियासी पारा हाई
Bihar Panchayat Election 2026: बिहार में पंचायत चुनाव 2026 को लेकर गांव-गांव में सियासी माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है।....
Bihar Panchayat Election 2026: बिहार में पंचायत चुनाव 2026 को लेकर गांव-गांव में सियासी माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है। मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य समेत तमाम संभावित उम्मीदवार अभी से ही जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने में जुट गए हैं। चौपालों से लेकर चाय की दुकानों तक सिर्फ एक ही चर्चा है इस बार पंचायत की कुर्सी किसके हाथ लगेगी?
इसी बीच पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने साफ कर दिया है कि पंचायत चुनाव अपने तय समय पर ही कराए जाएंगे और किसी भी तरह की देरी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और निर्वाचन आयोग दोनों स्तर पर चुनाव की तैयारियां तेजी से शुरू कर दी गई हैं।
मंत्री के मुताबिक, इस पूरी चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में राज्यभर में जनसंख्या प्रकाशन का काम चल रहा है, जो चुनावी तैयारी का सबसे अहम चरण माना जा रहा है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि 9 जून को जनसंख्या का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद लोगों को आपत्ति दर्ज कराने का मौका मिलेगा, ताकि किसी भी तरह की गलती या विवाद को समय रहते सुधारा जा सके। इसके बाद सबसे अहम चरण शुरू होगा आरक्षण रोस्टर का निर्धारण।
इसी आरक्षण व्यवस्था से तय होगा कि कौन सी पंचायत सीट सामान्य रहेगी, कौन सी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य वर्गों के लिए आरक्षित होगी। माना जा रहा है कि इस बार आरक्षण रोस्टर में बड़े बदलाव हो सकते हैं, जिससे कई पंचायतों के राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल जाएंगे। गांवों में इसी बदलाव की आहट ने चुनावी माहौल को और ज्यादा गरमा दिया है। कई संभावित उम्मीदवार अभी से ही अपने-अपने वोट बैंक को साधने में जुट गए हैं। कहीं जनसंपर्क तेज है तो कहीं सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश जारी है।
मंत्री ने यह भी बताया कि निर्वाचन आयोग मल्टीपोस्ट ईवीएम समेत सभी तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियों पर काम कर रहा है, ताकि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित और निष्पक्ष रहे। सरकार का लक्ष्य है कि “फ्री एंड फेयर” चुनाव कराए जाएं और किसी भी स्तर पर गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे। हालांकि अभी तक चुनाव की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं हुई है, लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि अक्टूबर 2026 के आसपास बिहार में पंचायत चुनाव कराए जा सकते हैं। राज्य की 8 हजार से अधिक पंचायतों में होने वाला यह चुनाव देश की सबसे बड़ी स्थानीय लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में से एक माना जाता है। जैसे-जैसे जनसंख्या प्रकाशन, आरक्षण रोस्टर और चुनावी तारीखों से जुड़े फैसले सामने आएंगे, वैसे-वैसे बिहार की पंचायत राजनीति और भी तेज, तीखी और निर्णायक होती जाएगी।