बिहार पुलिस की बड़ी दबिश: तमिलनाडु में पहचान बदलकर रह रहे डकैत को कोयंबटूर से दबोचा, 2024 के कांडों का हुआ खुलासा

बिहार पुलिस की बड़ी दबिश: तमिलनाडु में पहचान बदलकर रह रहे डकै
कोयंबटूर से डकैती के आरोपी को किया गिरफ्तार।- फोटो : Ravi shankar

Patna/Badh - बिहार की बाढ़ थाना पुलिस और पटना DIU टीम ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर 2024 के डकैती कांडों में वांछित अंतिम अपराधी सन्नी कुमार को तमिलनाडु के कोयंबटूर से गिरफ्तार कर लिया है । सन्नी कुमार वहां अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था । इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने बाढ़ थाना अंतर्गत हुए दो बड़े डकैती कांडों का पूरी तरह से उद्भेदन कर लिया है ।

2024 के दो डकैती कांडों से जुड़ा है मामला

वर्ष 2024 में बाढ़ थाना क्षेत्र के दयाचक और नोनियाबागी मुहल्लों में अज्ञात अपराधियों ने डकैती की दो बड़ी वारदातों को अंजाम दिया था । इस संबंध में बाढ़ थाना में कांड संख्या 389/24 और 450/24 दर्ज किए गए थे । पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस गिरोह की पहचान की थी, जिसमें से 7 अभियुक्तों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, लेकिन सन्नी कुमार पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था ।

कोयंबटूर में पहचान बदलकर छिपा था अपराधी

सन्नी कुमार गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना लोकेशन बदल रहा था । तकनीकी विश्लेषण और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि वह तमिलनाडु के कोयंबटूर में छिपा हुआ है । इसके बाद बाढ़ थाना अध्यक्ष और एसआई पंकज कुमार के नेतृत्व में एक टीम तमिलनाडु भेजी गई, जिसने स्थानीय पुलिस के सहयोग और ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर उसे गिरफ्तार किया ।

अपराधिक इतिहास और स्वर्ण व्यवसाई से लूट

गिरफ्तार अभियुक्त सन्नी कुमार, जो शेखपुरा जिले के मेहूस थाना अंतर्गत रहने वाला है, का पुराना अपराधिक इतिहास रहा है । वह न केवल बाढ़ थाना के इन दो डकैती कांडों में शामिल था, बल्कि उसके विरुद्ध निरसा थाना में भी डकैती का मामला दर्ज है । पुलिस के अनुसार, इन घटनाओं में एक स्वर्ण व्यवसाई के साथ भी लूटपाट की गई थी ।

पुलिस का बढ़ता दायरा और अपराधियों में खौफ

इस सफल ऑपरेशन ने एक बार फिर बिहार पुलिस की कार्यक्षमता को साबित किया है। जैसा कि उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी हाल ही में कहा था कि बिहार पुलिस का डर अब केवल राज्य तक सीमित नहीं है । अपराधियों को दूसरे राज्यों में जाकर भी पकड़ा जा रहा है, जिससे यह संदेश साफ है कि कानून से भागना अब मुमकिन नहीं है ।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:

  • नाम: सन्नी कुमार 
  • पिता: प्रमोद पासवान 
  • पता: ग्राम-शेखपुरा, थाना-मेहूस 
  • अपराधिक रिकॉर्ड: बाढ़ और निरसा थाना में डकैती के कई मामले 


रिपोर्ट - रविशंकर, अनिल कुमार