Bihar Police: बिहार पुलिस को आज मिलेंगे 21,391 नए सिपाही, CM नीतीश सौंपेंगे नियुक्ति पत्र
Bihar Police: बिहार पुलिस को आज 21,391 नए जवान मिल जाएंगे। सीएम नीतीश आज सभी नए सिपाहियों को नियुक्ति पत्र देंगे। इसके लिए खास कार्यक्रम का आयोजन किया गया है...

Bihar Police: बिहार पुलिस बल को आज बड़ी संख्या में नए सिपाही मिलने जा रहे हैं। शनिवार को राजधानी पटना के बापू सभागार में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 21,391 नवचयनित सिपाहियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। यह जानकारी खुद सीएम नीतीश कुमार ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की।
बिहार पुलिस के लिए महत्वपूर्ण दिन
सीएम ने अपने पोस्ट में लिखा कि, "कल 28 जून 2025 राज्य के युवाओं और बिहार पुलिस के लिए महत्वपूर्ण दिन है। कल बापू सभागार में 21,391 नवनियुक्त सिपाहियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया जाएगा। प्रदेश में कानून का राज स्थापित है। विधि व्यवस्था सुढृढ़ रहे, यह शुरू से हमारी प्राथमिकता रही है। कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए बिहार में लगातार पुलिसकर्मियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की नियुक्ति की जा रही है"।
सीएम नीतीश का विपक्ष पर हमला
नीतीश कुमार ने आगे कहा कि, "24 नवम्बर 2005 को नई सरकार बनने के समय बिहार पुलिस में कार्यरत बल की संख्या मात्र 42,481 थी। वर्ष 2006 से कानून व्यवस्था को और बेहतर करने के लिए पुलिस बल की संख्या में लगातार बढ़ोतरी की गई। सरकार ने तय किया है कि पुलिस बल की संख्या को और बढ़ाना है तथा इसके लिए कुल 2 लाख 29 हजार से भी अधिक पदों का सृजन कर तेजी से पुलिसकर्मियों की बहाली की जा रही है। स्वीकृत बल के अनुरूप सभी पदों को इस साल के अंत तक भर दिया जाएगा। इससे अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में पुलिस की उपस्थिति बढ़ेगी और आम नागरिकों की बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित हो सकेगी।"
17.87 लाख अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन
गौरतलब है कि केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) ने 9 मई 2025 को इस बहाली का अंतिम परिणाम जारी किया था। चयन प्रक्रिया 2023 में शुरू हुई थी, जिसके तहत 21,391 सिपाहियों की बहाली होनी थी। इस परीक्षा के लिए 17.87 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। अगस्त 2024 में आयोजित लिखित परीक्षा में करीब 11.95 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए। इसके बाद 9 दिसंबर 2024 से 10 मार्च 2025 तक शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई, जिसके दौरान दस्तावेजों की जांच भी की गई। शारीरिक दक्षता में प्रदर्शन के आधार पर मेधा सूची तैयार की गई और अंततः अंतिम परिणाम घोषित किया गया। फिलहाल चयनित सिपाहियों को उनके आवंटित जिलों में योगदान कराने की प्रक्रिया जारी है।