Bihar News : पटना में खाद्य संरक्षा इकाई ने 'द मोमोज कैफे' समेत कई दुकानों पर की कार्रवाई, 22 किलो सड़ा चिकन और 21 लीटर जला तेल किया नष्ट

Bihar News :

Bihar News : पटना में खाद्य संरक्षा इकाई ने 'द मोमोज कैफे' स

PATNA : स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने मंगलवार को पटना के कांटी फैक्ट्री स्थित ‘द मोमोज कैफे’ का निरीक्षण किया। जांच के दौरान किचन में काफी गंदगी मिली और साफ-सफाई की व्यवस्था खाद्य संरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। टीम ने प्रतिष्ठान में मिले 22 किलो सड़े हुए चिकन को मौके पर नष्ट किया। दुकान में अनुज्ञप्ति की प्रति भी प्रदर्शित नहीं पायी गई। इसके अलावा प्रतिष्ठान में वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थ एक साथ रखा पाया गया, तैयार किये गये नॉनवेज खाद्य पदार्थ में खाद्य पदार्थ की निर्माण तिथि नहीं पाई गई। प्रतिष्ठान का डीप फ्रीजर काफी गंदा स्थिति में पाया गया एवं बिना तापमान प्रदर्शित किए पाया गया और प्रतिष्ठान में शिड्यूल फोर का उलंघन पाया गया।  वहीं प्रतिष्ठान में कोई भी रिपोर्ट अद्यतन नहीं पाया गया। जांच के दौरान खाद्य संरक्षा अधिकारी द्वारा कैफे का लाइसेंस निलंबित करने की अनुशंसा की गई। 

खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के क्रम में पटना सिटी के भोगलपुरा स्थित ‘सिटी मोमो सेंटर’ में भी कई अनियमितताएं सामने आईं। प्रतिष्ठान बिना वैध अनुज्ञप्ति के संचालित पाया गया। जांच के दौरान कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं मिले तथा स्वच्छता और खाद्य सामग्री के भंडारण की स्थिति असंतोषजनक पाई गई। इसके अलावा, शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री एक साथ तैयार की जा रही थी। खाद्य संरक्षा अधिकारी ने प्रतिष्ठान को सात दिनों के भीतर वैध अनुज्ञप्ति प्राप्त करने का निर्देश दिया। वैध अनुज्ञप्ति प्राप्त करने तक प्रतिष्ठान में मोमो के निर्माण और बिक्री को बंद कराया गया।

वहीं, पटना के लोदीपुर स्थित सिटी सेंटर की तीसरी मंजिल पर संचालित ‘वाउ मोमो एंड वाउ चाइना’ का भी निरीक्षण किया गया। वाउ मोमो फूड्स प्राइवेट लिमिटेड की इस इकाई में जले हुए खाद्य तेल का बार-बार उपयोग किए जाने की बात सामने आई। टीम ने मौके पर 21 लीटर जला हुआ खाद्य तेल नष्ट किया। निरीक्षण के दौरान ‘इंडो चिली सॉस बेस’ का नमूना भी लिया गया, जिसे जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया। इस प्रतिष्ठान में स्वास्थ्य प्रमाणपत्र एवं पानी की जांच का प्रतिवेदन उपलब्ध नहीं पाई गई। निरीक्षण में एफएसएसएआई के तहत निर्धारित मानकों का उल्लंघन भी पाया गया। इन कमियों को लेकर प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में प्रतिष्ठान को 14 दिनों के भीतर सभी कमियां दूर करने और 15वें दिन अनुपालन का प्रमाण संबंधित कार्यालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित समय पर कमियां दूर किए जाने का प्रमाण प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में अनुज्ञप्ति निलंबित करने तथा इसके बाद रद्द करने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई की यह कार्रवाई आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने और खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। निरीक्षण के माध्यम से खाद्य सामग्री के रखरखाव, भंडारण और निर्माण प्रक्रिया में पाई जाने वाली कमियों को चिह्नित कर सुधार कराया जा रहा है। जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आगे भी जांच अभियान जारी रहेगा। मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई, सुरक्षित भंडारण और वैध अनुज्ञप्ति सहित सभी आवश्यक मानकों के पालन के लिए जागरूक किया जाएगा।