यह कैसी पुलिसिंग ! पटना के इस थाने में तौलिए में ड्यूटी करते दिखे ASI, वायरल वीडियो पर मचा बवाल

बिहार पुलिस से जुड़े एक ASI का वीडियो वायरल होने पर इसे लेकर पुलिसिंग शैली को लेकर कई प्रकार के सवाल किये जा रहे हैं. अथमलगोला थाना में तैनात ASI सिर्फ तौलिया लपेटकर ड्यूटी बजाते दिख रहे हैं.

 Athmalgola Police Station Viral Video
Athmalgola Police Station Viral Video- फोटो : news4nation

Patna Police : पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल स्थित अथमलगोला थाना में तैनात ऑफिसर ऑफ द डे (ओडी) के सहायक अवर निरीक्षक (ASI) का ड्यूटी के दौरान तौलिए में फरियादी से बातचीत करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।


वायरल वीडियो में अथमलगोला थाना के एएसआई अंजनी कुमार सिंह तौलिए में एक फरियादी से कथित तौर पर बाइक चोरी के मामले से जुड़े दस्तावेज लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उनके बगल में एक अन्य पुलिसकर्मी वर्दी में बैठा नजर आ रहा है। इसी दौरान एएसआई फरियादी को थाने में वीडियो बनाने से मना करते हुए भी दिखाई देते हैं।


हालांकि, वायरल वीडियो पर एएसआई अंजनी कुमार सिंह ने अपनी सफाई भी दी है। उनका कहना है कि घटना के समय वह शौचालय जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान बाइक चोरी के मामले में एक फरियादी आवश्यक दस्तावेज लेकर थाने पहुंच गया। फरियादी के आग्रह पर उन्होंने जांच के लिए दस्तावेज अपने पास रख लिए। एएसआई के अनुसार, उसी दौरान शिकायत दर्ज कराने आई एक महिला ने उनका वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। फिलहाल वीडियो को लेकर पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक कार्रवाई या बयान सामने नहीं आया है। वहीं, सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।


थानों में क्या होता है "OD" 

बिहार पुलिस के कई थानों में ASI (सहायक अवर निरीक्षक) या SI (अवर निरीक्षक) को OD ड्यूटी दी जाती है। इसका मतलब सामान्यतः "Officer of the Day" (ऑफिसर ऑफ द डे) होता है। यह वह पुलिस अधिकारी होता है जो किसी निर्धारित अवधि (आमतौर पर एक शिफ्ट) के लिए थाने की ड्यूटी और संचालन की जिम्मेदारी संभालता है।


OD की प्रमुख जिम्मेदारियां  

ऑफिसर ऑफ द डे यानी ओडी के काम में थाने में आने वाले फरियादियों की शिकायत सुनना। एफआईआर या आवेदन प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कराना। थाने की दैनिक गतिविधियों की निगरानी करना। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का समन्वय करना। किसी आपात स्थिति में तत्काल निर्णय लेना।  थाने के रिकॉर्ड और दैनिक डायरी (Station Diary/General Diary) का संधारण सुनिश्चित करना होता है। ऐसे में इतनी प्रमुख जिम्मेदारी निभाते हुए, जहाँ आम लोगों से लगातार मिलना होता है, उस समय अथमलगोला थाना में तैनात एएसआई अंजनी कुमार सिंह का अर्द्धनग्न रूप में ड्यूटी संभालना निर्धारित वर्दी और आचरण से जुड़े नियमों के दायरे में आता है।

रवि शंकर की रिपोर्ट