मुजफ्फरपुर में सुशासन को खुली चुनौती, अत्याधुनिक हथियार लहराकर युवक ने पुलिस को दिया चैलेंज, वीडियो वायरल

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों और कानून तोड़ने वालों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक बानगी मुजफ्फरपुर जिले में देखने को मिली है।

Muzaffarpur Youth Flaunts High Tech Weapon Online Challenges
सुशासन को खुली चुनौती- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों और कानून तोड़ने वालों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक बानगी मुजफ्फरपुर जिले में देखने को मिली है।  सीएम सम्राट चौधरी जहां एक तरफ अपराधी को बिहार छोड़कर चले जाने की सख्त ताकीद दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। खाकी के तमाम दावों और मुस्तैदी को ठेंगा दिखाते हुए एक सिरफिरे युवक ने सोशल मीडिया पर अत्याधुनिक हथियार का नंगा नाच किया है, जिसने पुलिसिया इक़बाल पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर ने मुजफ्फरपुर पुलिस महकमे में खलबली मचा दी है। यह पूरा मामला औराई थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहाँ एक युवक हाथ में खतरनाक और अत्याधुनिक हथियार लेकर सरेआम नुमाइश करता हुआ नजर आ रहा है। उसकी आंखों में न तो कानून का कोई खौफ है और ना ही पुलिस का कोई डर। हालांकि, इस वायरल तस्वीर की आधिकारिक पुष्टि अभी होना बाकी है, लेकिन इंटरनेट पर इस पोस्ट के सामने आते ही इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं गर्म हैं।

इस संगीन मामले के सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर इस नौजवान के पास इतना घातक और प्रतिबंधित हथियार उपलब्ध कैसे हुआ? बिहार में जहां अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार धरपकड़ की मुहिम चल रही है, वहां इस तरह के घातक असलहे का खुलेआम प्रदर्शन पुलिस के खुफिया तंत्र) की नाकामी को उजागर करता है। अगर ऐसे खतरनाक हथियार आम लड़कों के हाथों तक पहुंच रहे हैं, तो यह भविष्य के लिए एक बेहद खौफनाक संकेत है।

सोशल मीडिया पर हथियारों की नुमाइश का यह कोई पहला वाकया नहीं है, लेकिन सरकार की सख्त हिदायतों के बीच पुलिस को सरेआम 'चैलेंज' देना सीधे तौर पर कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाना है। अब देखना यह है कि मुजफ्फरपुर पुलिस इस दुस्साहस पर क्या रुख अख्तियार करती है। क्या औराई थाना पुलिस इस बेखौफ युवक की शिनाख्त कर उसे सलाखों के पीछे भेजेगी, या फिर यह मामला भी महकमे की फाइलों में दबकर रह जाएगा? फिलहाल, पूरी मुस्तैदी के साथ पुलिस मामले की छानबीन और युवक की तलाश में जुट गई है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा