Bihar EV policy: बिहार में ईवी, रोड सेफ्टी और जल परिवहन, ईवी वाहनों पर इतना जोर क्यों? मंत्री ने बताई बड़ी वजह
Bihar EV policy: परिवहन मंत्री श्रवण कुमार दोपहिया और चारपहिया इलेक्ट्रिक (ईवी) वाहनों को भविष्य की आवश्यकता बताया।..
Bihar EV policy: परिवहन मंत्री श्रवण कुमार दोपहिया और चारपहिया इलेक्ट्रिक (ईवी) वाहनों को भविष्य की आवश्यकता बताया। मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ईवी वाहन समय की मांग हैं, इससे न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि प्रदूषण नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
उन्होंने नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में पर्यावरणीय सुधारों का उल्लेख करते हुए बताया कि बिहार में हरित क्षेत्र 9 प्रतिशत से बढ़कर 15 प्रतिशत तक पहुंच गया है, जो सरकार की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है।
बिहार दिवस के अवसर पर परिवहन विभाग के भव्य पवेलियन में मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि “सड़क सुरक्षा हर नागरिक के लिए अनिवार्य है।” उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा आयोजित एक माह के सड़क सुरक्षा अभियान से लाखों लोगों को जागरूक किया गया है और यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। बिहार दिवस के अवसर पर परिवहन विभाग के पवेलियन में ‘सावधानी हटी, दुर्घटना घटी’ थीम पर कठपुतली नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जनसंदेश दिया जा रहा है। साथ ही आगंतुकों के बीच हेलमेट, रोड सेफ्टी बैंड एवं की-रिंग का वितरण भी किया गया। बच्चों एवं युवाओं के लिए पेंटिंग, क्विज, पजल, स्लोगन लेखन और संगीत प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण जल परिवहन की संभावनाओं को दर्शाने वाला मॉडल है, जिसमें वाटर मेट्रो, सामुदायिक जेटी, कार्गो शिप, रो-रो एवं रो-पैक्स सेवाओं की विस्तृत झलक प्रस्तुत की गई है। गंगा, गंडक, सोन, कोसी, घाघरा, पुनपुन एवं कर्मनाशा जैसी नदियों को भी प्रभावशाली तरीके से प्रदर्शित किया गया है।
इस मौके पर विभाग के उप सचिव प्रवीण कुमार, बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) के प्रशासक अतुल वर्मा, उप सचिव कृत्यानंद रंजन, संयुक्त सचिव इंदु कुमारी, उप सचिव अरुणा कुमारी, पटना डीटीओ उपेंद्र कुमार पाल, सहायक निदेशक सत्येन्द्र कुमार मांझी सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।कार्यक्रम में विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।