Bihar Industrial Investment: बिहार में अफसरशाही ने रोका 70 हजार करोड़ का निवेश! 82 फीसदी जमीन गायब, उद्योगों पर ब्रेक क्यों?
Bihar Industrial Investment: बिहार में उद्योगों की बहार लाने का सरकारी दावा आखिर जमीन पर क्यों नहीं उतर रहा? निवेशकों को बुलाने के लिए बड़े-बड़े वादे हो रहे हैं,...
Bihar Industrial Investment: बिहार में उद्योगों की बहार लाने का सरकारी दावा आखिर जमीन पर क्यों नहीं उतर रहा? निवेशकों को बुलाने के लिए बड़े-बड़े वादे हो रहे हैं, हजारों करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव तैयार हैं, लेकिन जब उद्योग लगाने के लिए जमीन देने की बारी आती है तो जिला प्रशासन की फाइलें रेंगने लगती हैं। नतीजा यह है कि करीब 70 हजार करोड़ रुपये का प्रस्तावित निवेश अफसरों की सुस्ती और जमीन अधिग्रहण की पेचीदगियों में फंसता नजर आ रहा है।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की समीक्षा ने सरकारी दावों की पोल खोल दी है। राज्य की 27 प्रमुख औद्योगिक योजनाओं के लिए 10,636.86 एकड़ जमीन चाहिए, लेकिन अब तक सिर्फ 1,951.8 एकड़ पर ही भौतिक कब्जा मिल सका है। यानी करीब 82 फीसदी जमीन का हस्तांतरण अब भी अधर में लटका है। सवाल है कि उद्योगों के लिए जमीन नहीं मिलेगी तो निवेशक बिहार में कारखाने कैसे लगाएंगे?
मुआवजे की कहानी भी सरकारी व्यवस्था की सुस्ती बयां कर रही है। कुल 9,209 रैयतों में से महज 1,753 को ही मुआवजा मिला है। जमीन अधिग्रहण के लिए 3,020.36 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। सरकार 1,983 करोड़ रुपये मंजूर कर चुकी है, लेकिन जिलों ने केवल 452.75 करोड़ रुपये ही वितरित किए हैं। यानी बजट उपलब्ध होने के बावजूद भुगतान की रफ्तार बेहद निराशाजनक है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि आठ जिलों पटना, भोजपुर, बेगूसराय, नालंदा, पूर्णिया, सहरसा, शेखपुरा और मधेपुरा का प्रदर्शन खराब है। 19 जिलों में अब तक जमीन पर दखल-कब्जा शून्य है। दूसरी तरफ वैशाली ने 1,239.37 एकड़ जमीन का शत-प्रतिशत कब्जा दिलाकर मिसाल पेश की है। दरभंगा और नवादा ने भी पूरा लक्ष्य हासिल किया है।
उधर, बियाडा के लैंड बैंक में महज 831 एकड़ जमीन बची है, जबकि निवेशकों को तत्काल 6,000 एकड़ जमीन चाहिए। ऐसे में उद्योगों के लिए जमीन कहां से आएगी? धारा-4 की प्रक्रिया पूरी होने और 22 योजनाओं में धारा-11(1) की अधिसूचना जारी होने के बाद भी फाइलें आगे क्यों नहीं बढ़ रहीं?
अब सरकार लैंड पूलिंग का विकल्प तलाश रही है। लेकिन असली सवाल यही है कि क्या व्यवस्था की सुस्ती दूर होगी? क्योंकि जमीन के बिना निवेश सिर्फ कागजों पर रहेगा, रोजगार के सपने अधूरे रहेंगे और बिहार के युवाओं का पलायन बदस्तूर जारी रहेगा।