Bihar News: बिहार में 330 करोड़ से बनेंगे 29 हाईटेक परीक्षा भवन, एक साथ 4 हजार परीक्षार्थी दे सकेंगे एग्जाम

Bihar News: बिहार में परीक्षा व्यवस्था को आधुनिक और सुव्यवस्थित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।...

Bihar to Build 29 High Tech Exam Centres
विद्यार्थियों को बेहतर परीक्षा सुविधा- फोटो : social Media

Bihar News: बिहार में परीक्षा व्यवस्था को आधुनिक और सुव्यवस्थित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) राज्य के 27 जिलों में 29 स्थानों पर बहुउद्देशीय हाईटेक परीक्षा भवन-सह-वज्रगृह का निर्माण कराएगी। इस परियोजना पर करीब 330 करोड़ 7 लाख 13 हजार रुपये खर्च होंगे। परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है और निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है।

विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह के अनुसार, प्रस्तावित सभी भवन चार मंजिला यानी G+3 होंगे। प्रत्येक केंद्र के लिए करीब एक से डेढ़ एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। मधुबनी और समस्तीपुर में दो-दो परीक्षा भवन प्रस्तावित हैं, जबकि अन्य जिलों में एक-एक भवन बनाया जाएगा।

इन हाईटेक परीक्षा भवनों की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि एक केंद्र पर एक साथ करीब 4,000 परीक्षार्थी परीक्षा दे सकेंगे। पूरे परिसर में 24 घंटे CCTV निगरानी और रिकॉर्डिंग की व्यवस्था होगी। परीक्षा के बाद उत्तरपुस्तिकाओं को सुरक्षित रखने के साथ इन्हीं भवनों को मूल्यांकन केंद्र के तौर पर भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। जरूरत के मुताबिक उत्तरपुस्तिकाओं की बारकोडिंग और स्कैनिंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

फिलहाल BPSC, BSSC, BTSC, बिहार पुलिस अधीनस्थ सेवा आयोग समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाएं स्कूल-कॉलेजों में आयोजित होती हैं। इससे नियमित पठन-पाठन और आंतरिक परीक्षाएं प्रभावित होती हैं। नए परीक्षा भवन बनने के बाद शिक्षण संस्थानों पर परीक्षा आयोजन की निर्भरता कम होने की उम्मीद है।

इन भवनों में परीक्षा सामग्री के सुरक्षित भंडारण के लिए वज्रगृह की व्यवस्था होगी। आवश्यकता पड़ने पर निर्वाचन से जुड़ी संवेदनशील सामग्री भी यहां सुरक्षित रखी जा सकेगी। इससे चुनावी गतिविधियों के दौरान स्कूल-कॉलेजों के इस्तेमाल की जरूरत कम हो सकती है। भवनों में फायर अलार्म, अग्निशमन उपकरण और आपदा प्रबंधन की सुविधाएं भी होंगी।

बिहार बोर्ड पहले ही नौ प्रमंडलीय मुख्यालयों में परीक्षा भवन-सह-क्षेत्रीय कार्यालय विकसित कर चुका है। अब 29 नए भवनों के जरिए राज्य में परीक्षा संचालन के लिए स्थायी और आधुनिक आधारभूत ढांचे का विस्तार किया जाएगा।