MBA करके बन गया साइबर ठग, पटना में बैठकर विदेशियों से करोड़ों की ठगी, चार गिरफ्तार
पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी ने एमबीए कर रखा है। साइबर ठगी के रुपयो से भारत सहित विदेश भ्रमण कर चुका है
Bihar News : पटना में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अमेरिकन नागरिकों को उनके कंप्यूटर सिस्टम ऑनलाइन ठीक करने के नाम पर मेल के जरिये संपर्क कर पटना में बैठकर चुना लगने वाले इंटरनेट साइबर ठगों को मुसल्लहपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो मोटरसाइकिल, नौ एंड्रॉयड मोबाइल, सात एटीएम कार्ड, एक लाख नौ हजार रुपये नकद समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 18 सितंबर 2026 को साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम को संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक पुलिस टीम को देखकर भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ा गया।
MBA करके बन गया साइबर ठग
पटना सिटी ASP राजकिशोर सिंह पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने दानापुर थाना क्षेत्र के विवेक विहार कॉलोनी, संत गोला रोड स्थित एक मकान में छापेमारी की। यहां से पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी ने एमबीए कर रखा है। साइबर ठगी के रुपयो से भारत सहित विदेश भ्रमण कर चुका है, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओम प्रकाश ठाकुर, एस. कुमार, अभिषेक कुमार और अक्षय कुमार साह के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके पास से दो मोटरसाइकिल, अलग-अलग कंपनियों के नौ एंड्रॉयड मोबाइल फोन, सात एटीएम कार्ड, एक लाख नौ हजार रुपये नकद, चार लैपटॉप, दो माइक लगे हेडफोन, लैपटॉप के तीन चार्जर, एयरटेल कंपनी का एक नेट फाइबर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपियों के साइबर ठगी से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस अब बरामद मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है, ताकि साइबर ठगी के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी सामने आ सके।फिलहाल गिरफ्तार चारों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
पटना से अनिल की रिपोर्ट