Bihar Anganwadi school campus: अब आंगनबाड़ी से स्कूल तक का सफर होगा आसान! बिहार सरकार ने तैयार किया नया प्लान, जिलाधिकारियों को सख्त

Bihar Anganwadi school campus:बिहार सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में बाल विकास और प्रारंभिक शिक्षा की नींव को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। ...

Bihar Anganwadi school campus
बिहार में बच्चों के भविष्य पर सरकार का बड़ा दांव! - फोटो : X

Bihar Anganwadi school campus:बिहार सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में बाल विकास और प्रारंभिक शिक्षा की नींव को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। अब राज्य के सरकारी प्राथमिक और मध्य विद्यालयों के परिसरों में आंगनबाड़ी केंद्रों के स्थायी, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भवनों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए ग्रामीण विकास विभाग और शिक्षा विभाग ने संयुक्त रूप से विस्तृत निर्देश जारी किए हैं। यह निर्माण विकसित भारत-जी राम जी (वीबी-जी राम जी) योजना के तहत किया जाएगा।

सरकार का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को प्राथमिक और मध्य विद्यालयों के साथ सह-अवस्थित यानी को-लोकेटेड करना है। इससे छोटे बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा एक ही स्थान पर मिल सकेगी। यह व्यवस्था राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की मूल भावना के अनुरूप है, जिसमें प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा को औपचारिक स्कूली शिक्षा से जोड़ने पर जोर दिया गया है। जिन क्षेत्रों में आंगनबाड़ी भवन के लिए अलग से सरकारी भूमि उपलब्ध नहीं है, वहां स्कूल परिसर की उपयुक्त जमीन पर निर्माण किया जाएगा। 

विशेष परिस्थितियों में ही सुरक्षा जांच के बाद पहली मंजिल पर कमरे बनाकर भूतल के हिस्से को आंगनबाड़ी के लिए उपयोग में लाया जाएगा।निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा कराने के लिए जिला स्तर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, आईसीडीएस के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी और संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को बेहतर समन्वय के साथ काम करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया है। सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को कहा गया है कि वे निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब न होने दें। आवश्यक अनापत्ति प्रमाण-पत्र समय पर जारी किए जाएं और निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। जिलाधिकारियों-सह-जिला कार्यक्रम समन्वयकों को भी निर्देश दिए गए हैं कि उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए आधारभूत संरचना का तेजी से विकास सुनिश्चित किया जाए।

ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह पहल सरकारी संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल और बच्चों के सर्वांगीण विकास दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण है। आंगनबाड़ी केंद्र स्कूल परिसर में होने से बच्चों का आंगनबाड़ी से औपचारिक स्कूली शिक्षा में प्रवेश सहज और निर्बाध हो जाएगा। माता-पिता को भी सुविधा होगी क्योंकि पोषण और शिक्षा दोनों सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी।सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के सुदृढ़ भविष्य और सर्वांगीण विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। 

वीबी-जी राम जी योजना के तहत सरकारी विद्यालय परिसरों में आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण एक क्रांतिकारी कदम साबित होगा। इससे न केवल उपलब्ध सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग संभव होगा, बल्कि ग्रामीण बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और गुणवत्तापूर्ण शुरुआती शिक्षा एक ही स्थान पर मिल सकेगी। सरकार समयबद्ध तरीके से इन भवनों का निर्माण पूरा कराकर ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने का काम कर रही है।कुल मिलाकर यह पहल बिहार के ग्रामीण इलाकों में बाल विकास की दिशा में एक ठोस कदम है। 

स्कूल परिसरों में आंगनबाड़ी भवन बनने से न केवल जगह की समस्या हल होगी, बल्कि बच्चों को एक सुरक्षित और समेकित वातावरण भी मिलेगा। जिला स्तर पर समन्वय बढ़ाकर निर्माण कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि योजना का लाभ जल्द से जल्द बच्चों तक पहुंच सके।