Patna train crowd Diwali Chhath:पटना जंक्शन पर यात्रियों का सैलाब, दीपावली के बाद ट्रेनों में मची अफरातफरी, दरवाजों पर लटककर सफर करने को मजबूर यात्री

Patna train crowd Diwali Chhath: दीपावली का त्योहार समाप्त होते ही बिहार की ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ एक बार फिर बेकाबू होने लगी है।...

Post Diwali Rush Heavy Crowds
ट्रेन में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की! - फोटो : X

Patna train crowd Diwali Chhath: दीपावली का त्योहार समाप्त होते ही बिहार की ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ एक बार फिर बेकाबू होने लगी है। कोई नौकरी पर लौटने के लिए ट्रेन पकड़ रहा है तो कोई पढ़ाई के सिलसिले में दूसरे शहर जा रहा है। दूसरी ओर छठ महापर्व में शामिल होने के लिए बिहार आने वाले यात्रियों की आवाजाही भी जोरों पर है। दोनों तरफ से बढ़े यात्री दबाव ने रेलवे की व्यवस्थाओं की परीक्षा लेनी शुरू कर दी है।

सोमवार को पटना जंक्शन से गुजरने वाली अधिकांश नियमित ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ देखी गई। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, सूरत और अहमदाबाद जाने वाली ट्रेनों के जनरल और स्लीपर कोच पूरी तरह भरे नजर आए। कई यात्री दरवाजों पर लटककर सफर करने को मजबूर दिखे तो कुछ को खड़े होकर लंबा सफर तय करना पड़ा। प्लेटफॉर्म संख्या एक से दस तक यात्रियों का भारी दबाव बना रहा। संपूर्ण क्रांति, विक्रमशिला, राजधानी, श्रमजीवी, मगध और दानापुर-आनंद विहार एक्सप्रेस में चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई। 

ट्रेन पहुंचते ही सीट पाने की उम्मीद में लोग दरवाजों पर जुट गए। जनरल और स्लीपर कोच पहले से भरे होने के कारण कई यात्रियों को चढ़ने तक की जगह नहीं मिली। कुछ को अगली ट्रेन का इंतजार करना पड़ा।त्योहारी सीजन में कंफर्म टिकट मिलना यात्रियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। लंबी दूरी की ट्रेनों में वेटिंग टिकट का दबाव बना हुआ है तो तत्काल टिकट के लिए भी मारामारी की स्थिति है। सीट न मिलने पर कई यात्री जनरल टिकट लेकर सफर कर रहे हैं। नौकरी और पढ़ाई के लिए लौट रहे यात्रियों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने की चिंता सता रही है। 

खासकर उन लोगों की परेशानी बढ़ गई है जिन्हें तय समय पर ऑफिस या कॉलेज पहुंचना है।भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पटना जंक्शन, राजेंद्र नगर टर्मिनल, पाटलिपुत्र और दानापुर स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी के अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। प्लेटफॉर्म पर भीड़ फैलने से रोकने के लिए होल्डिंग एरिया का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। रेलवे की ओर से छठ महापर्व तक विशेष ट्रेनों का परिचालन जारी रखने की बात कही गई है।फिलहाल दीपावली के बाद दूसरे प्रदेशों में लौटने वालों और छठ के लिए बिहार आने वालों की भीड़ एक साथ दिख रही है। 

छठ महापर्व समाप्त होने के बाद बिहार से दिल्ली, मुंबई, सूरत, अहमदाबाद और अन्य शहरों की ओर लौटने वाले यात्रियों की एक और बड़ी भीड़ उमड़ने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता और भीड़ प्रबंधन रेलवे के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं।कुल मिलाकर त्योहारी सीजन के इस दौर में पटना समेत बिहार के प्रमुख स्टेशनों पर यात्री दबाव चरम पर है। रेलवे प्रशासन अतिरिक्त व्यवस्थाएं कर रहा है, लेकिन कंफर्म टिकट की कमी और जनरल कोचों में भीड़ यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सुरक्षा बलों की तैनाती से स्थिति संभाली जा रही है, फिर भी यात्रियों को धैर्य रखने और समय से पहले स्टेशन पहुंचने की सलाह दी जा रही है।