पटना में 28 से 30 नवंबर तक DAV यूनाइटेड फेस्टिवल : देशभर के DAV परिवार के सदस्य एक मंच पर होंगे एकत्रित, शिक्षा, संस्कृति और मनोरंजन का दिखेगा संगम
पटना में 28 से 30 नवंबर तक तीन दिवसीय DAV यूनाइटेड फेस्टिवल 2026 का आयोजन किया जाएगा। ज्ञान भवन में 28 नवंबर को होने वाले उद्घाटन समारोह के साथ शुरू होने वाले इस महोत्सव में देशभर के DAV परिवार के सदस्य शामिल होंगे...
Patna : बिहार की राजधानी पटना में 28 से 30 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय 'DAV United Festival 2026-Bihar' का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव देशभर के DAV परिवार के सदस्यों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और शिक्षाविदों को एक साझा मंच पर लाकर आपसी एकता, सांस्कृतिक समृद्धि, संस्थागत मूल्यों तथा सामूहिक उपलब्धियों का उत्सव मनाएगा। महोत्सव के शुभारंभ से पहले 27 नवंबर को विशिष्ट अतिथियों के आगमन पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
28 नवंबर को ज्ञान भवन में उद्घाटन, सीएम व डिप्टी सीएण की संभावित उपस्थिति
महोत्सव का भव्य उद्घाटन समारोह 28 नवंबर को पटना स्थित ज्ञान भवन में दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगा, जिसमें DAV गीत, स्वागत नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और अतिथियों के संबोधन प्रमुख आकर्षण रहेंगे। इस अवसर पर DAV College Managing Committee के अध्यक्ष एवं पद्मश्री सम्मानित श्री पूनम सूरी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी, जबकि बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी तथा उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी एवं श्री विजेंद्र प्रसाद यादव सहित कई मंत्रियों व वरिष्ठ अधिकारियों के उपस्थित रहने की संभावना है।
29 व 30 नवंबर को कला, लोकसंस्कृति और प्रतिभा प्रदर्शन की धूम
महोत्सव के दूसरे और तीसरे दिन यानी 29 एवं 30 नवंबर को संगीत, नृत्य, कला प्रदर्शनी और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों की आकर्षक श्रृंखला आयोजित की जाएगी। विभिन्न राज्यों के DAV विद्यालयों व महाविद्यालयों से आए प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, वहीं बिहार की लोककला, लोकसंगीत, पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी।
किकू शारदा और सुगंधा मिश्रा की प्रस्तुतियां बनेंगी विशेष आकर्षण
तीन दिवसीय इस आयोजन का एक बड़ा आकर्षण देश के जाने-माने हास्य कलाकार किकू शारदा और सुप्रसिद्ध गायिका व कलाकार सुगंधा मिश्रा की शानदार प्रस्तुतियां होंगी। इनके अलावा संगीत, नृत्य और मनोरंजन जगत के अन्य प्रतिष्ठित कलाकारों के कार्यक्रमों से महोत्सव के तीनों दिनों तक उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहेगा।
शिक्षा, संस्कृति और परंपराओं का संगम बनेगा महोत्सव
आयोजकों के अनुसार, DAV United Festival केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि DAV परिवार की एकजुटता, सामाजिक उत्तरदायित्व और संस्थागत गौरव का प्रतीक है। यह आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और परंपराओं से जोड़ते हुए बिहार की धरती पर शिक्षा, संस्कृति व मनोरंजन का एक यादगार संगम प्रस्तुत करेगा।