Bihar Sarkari Naukri: बिहार में बंपर बहाली! 1.95 लाख पदों पर होगी नियुक्ति, इन विभागों में मिलेगी नौकरी, जानिए आवेदन की प्रक्रिया

Bihar Sarkari Naukri: बिहार में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य में इस साल 1.95 लाख पदों पर नियुक्ति होनी है। सभी विभागों को अधिसूचना भेज दी गई है।

Bihar Sarkari Naukri
बिहार में बंपर बहाली - फोटो : social media

Bihar Sarkari Naukri: बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य में लाखों पदों पर बहाली होने वाली है। कई विभागों में रिक्त पदों पर नियुक्ति होनी है। नीतीश सरकार जल्द ही इसको लेकर कैलेंडर भी जारी करेगी। दरअसल, राज्य सरकार ने वर्ष 2026 के लिए 1.95 लाख रिक्त पदों पर नियुक्ति का वार्षिक कैलेंडर तैयार किया है। सामान्य प्रशासन विभाग जल्द ही इसे आधिकारिक रूप से जारी करेगा। पहली बार सभी भर्तियों की विस्तृत समय-सारिणी एक साथ सार्वजनिक की जाएगी। जिससे अभ्यर्थियों को आवेदन से लेकर रिजल्ट तक की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

कैलेंडर में क्या होगा शामिल?

सामान्य प्रशासन विभाग ने Bihar Public Service Commission (BPSC), Bihar Staff Selection Commission (BSSC) और अन्य आयोगों को रिक्त पदों की अनुसूची भेज दी है। वार्षिक कैलेंडर में आवेदन शुरू होने और समाप्त होने की तिथियां, परीक्षा की संभावित तिथि, परीक्षा संपन्न करने की समय-सीमा, परिणाम जारी होने और आगे की प्रक्रिया का विवरण जैसी जानकारियां शामिल होंगी। विभाग फिलहाल सभी विभागों से रिक्तियों का अंतिम आंकड़ा जुटा रहा है। प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही कैलेंडर जारी होने की संभावना है।

किन विभागों में सबसे ज्यादा पद?

सरकार द्वारा तैयार प्रस्तावित सूची के अनुसार शिक्षा विभाग में लगभग 46,000 पद, स्वास्थ्य विभाग में करीब 15,000 पद, गृह विभाग (पुलिस) में 30,000 से अधिक पद इसके अलावा अन्य विभागों की रिक्तियां मिलाकर कुल 1.95 लाख पदों पर बहाली की जाएगी।

अभ्यर्थियों को क्या होगा फायदा?

अब तक अभ्यर्थियों को परीक्षा तिथियों में बदलाव, अफवाहों और एक ही समय पर कई परीक्षाएं होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। कई बार दो महत्वपूर्ण परीक्षाएं एक ही दिन पड़ने से तैयारी प्रभावित होती थी। वार्षिक कैलेंडर जारी होने के बाद उम्मीदवार पहले से अपनी रणनीति तय कर सकेंगे और तैयारी व्यवस्थित ढंग से कर पाएंगे। 

5 साल में 1 करोड़ रोजगार 

गौरतलब हो कि, राज्य सरकार ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार और नौकरियां उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। ऐसे में यह वार्षिक कैलेंडर भर्ती प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। सामान्य प्रशासन विभाग की सचिव अर्चना ने बताया कि सभी विभागों से रिक्तियों की सूची मंगाई गई है और कैलेंडर जारी होने से अभ्यर्थियों की परेशानियां काफी कम होंगी। BPSC और BSSC की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकता है।