अब हेलीकॉप्टर से घूमिए बिहार, सीएम सम्राट चौधरी ने किया ऐलान, इन जगहों पर भरेंगे उड़ान

पर्यटकों की यात्रा को आसान बनाने के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा 'एंड-टू-एंड' सेवा शुरू की जाएगी। इसके तहत पटना पहुंचने से लेकर पर्यटन स्थल के भ्रमण और वापसी तक की समग्र व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।

 Helicopter Services in Bihar
Helicopter Services in Bihar - फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। जल्द ही पर्यटकों को राजगीर, मां मुंडेश्वरी मंदिर और करकटगढ़ जलप्रपात जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंचने के लिए अनुदानित दर पर हेलीकॉप्टर सेवा की सुविधा मिलेगी। वहीं, वाल्मीकिनगर के लिए सप्ताहांत पर रियायती दरों पर हवाई सेवा शुरू करने की भी तैयारी है।


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पर्यटन विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इन योजनाओं पर तेजी से काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिहार को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों तक पहुंच को आसान बनाना जरूरी है।


इन जगहों के लिए मिलेगी हेलीकॉप्टर सेवा

सरकार की योजना के तहत पर्यटकों को राजगीर, कैमूर स्थित मां मुंडेश्वरी मंदिर और करकटगढ़ जलप्रपात तक हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। यह सेवा अनुदानित दरों पर होगी, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक इसका लाभ उठा सकें। इसके अलावा वाल्मीकिनगर के लिए शनिवार और रविवार को विशेष रियायती हवाई सेवा शुरू करने का भी निर्देश दिया गया है। वाल्मीकिनगर अपने टाइगर रिजर्व, जंगल सफारी और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए देशभर में प्रसिद्ध है।


पटना से पर्यटन स्थलों तक मिलेगी 'एंड-टू-एंड' सुविधा

पर्यटकों की यात्रा को आसान बनाने के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा 'एंड-टू-एंड' सेवा शुरू की जाएगी। इसके तहत पटना पहुंचने से लेकर पर्यटन स्थल के भ्रमण और वापसी तक की समग्र व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।


राजगीर और नालंदा पर रहेगा विशेष फोकस

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजगीर को "ग्लोबल सेंटर ऑफ स्पिरिचुअल लर्निंग" के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी लाई जाए। वहीं, नालंदा को एक बार फिर वैश्विक ज्ञान और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए विशेष एकीकृत पैकेज तैयार किया जाएगा।


विष्णुपद और महाबोधि कॉरिडोर को भी मिलेगी गति

बैठक में गया के विष्णुपद मंदिर कॉरिडोर और महाबोधि मंदिर कॉरिडोर परियोजनाओं को जल्द अंतिम रूप देकर निर्माण कार्य शुरू करने का निर्देश दिया गया। साथ ही पावापुरी मंदिर परिसर के समग्र विकास और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने की योजनाओं पर भी चर्चा हुई।


मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार अध्यात्म, इतिहास और संस्कृति की धरती है। यदि यहां विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जाएं तो राज्य देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन सकता है। उन्होंने कहा कि पर्यटन परियोजनाओं से न केवल बिहार की पहचान मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।