Weather Update: 8 घंटे में बदल जाएगा मौसम! 13 राज्यों के लिए IMD का भारी बारिश और तेज हवा का अलर्ट
Weather Update: IMD ने यूपी, बिहार, दिल्ली, राजस्थान समेत 13 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। जानें अपने राज्य के मौसम का पूरा अपडेट।
Weather Update: आज देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने यूपी, बिहार, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय समेत देश के 13 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्वानुमान के मुताबिक पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में अगले 6 से 7 दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। लगातार बारिश की वजह से कई जगहों पर जलभराव, यातायात प्रभावित होने और भूस्खलन जैसी घटनाओं की आशंका भी जताई गई है। ऐसे में अगर आप यात्रा या घूमने का कार्यक्रम बना रहे हैं तो घर से निकलने से पहले मौसम की जानकारी जरूर देख लें।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। अगले 4 से 5 दिनों के दौरान इसके महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार और दक्षिण छत्तीसगढ़ के अधिक हिस्सों में पहुंचने की संभावना है। इसके बाद इन राज्यों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। मौसम विभाग ने मछुआरों को भी सलाह दी है कि वे 19 जून तक बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के कई हिस्सों में समुद्र में न जाएं, क्योंकि वहां मौसम खराब रहने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम बदलने के आसार
दिल्ली-एनसीआर में भी 15 से 17 जून के बीच मौसम बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। कई जगहों पर 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 15 जून के लिए विभाग ने गरज-चमक और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश और आंधी की आशंका
उत्तर प्रदेश में 15 से 20 जून के बीच कई जिलों में बारिश और आंधी की आशंका जताई गई है। कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, गोंडा, संतकबीरनगर, बलिया, मऊ, चंदौली, मिर्जापुर और सोनभद्र में 15 जून को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं मथुरा, अलीगढ़, इटावा, जालौन, आगरा, फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी, कानपुर, हमीरपुर, जालौन और झांसी में भी गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15 से 20 जून तक छिटपुट बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 18 से 20 जून के बीच बारिश बढ़ने की संभावना है।
बिहार में कैसा रहने वाला है मौसम का हाल?
बिहार में भी 15 से 20 जून के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। वेस्ट चंपारण, गोपालगंज, सारण, सिवान, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद जिलों में 15 जून को गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 4 से 5 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार पहुंच सकता है, जिससे प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो रही हैं। 16 जून को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
राजस्थान में बारिश और आंधी का असर
राजस्थान में 15 से 20 जून के दौरान बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर, अजमेर, कोटा, अलवर और श्रीगंगानगर में तेज आंधी और गरज-चमक की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ जगहों पर आंधी-तूफान भी आ सकता है और हवा की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
देश के पहाड़ी इलाकों के मौसम का हाल
उत्तराखंड में अगले 4 से 5 दिनों तक मौसम सामान्य रहने की संभावना है। राज्य के लिए बारिश या आंधी-तूफान का कोई बड़ा अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि नैनीताल, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी, अल्मोड़ा और टिहरी में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में अगले 4 से 5 दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 15 जून और 18 से 20 जून के दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। जम्मू-कश्मीर में भी 15 से 20 जून के बीच छिटपुट बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू, श्रीनगर, बारामूला, अनंतनाग, पुलवामा, उधमपुर और राजौरी में बारिश और गरज-चमक का असर रह सकता है। 15 जून और 18 से 20 जून के दौरान कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।