Bihar Tragedy: रक्षाबंधन पर बिहार में मौत का तांडव, हादसों में 11 लोगों की गई जान, कई घायल

Bihar Tragedy: रक्षाबंधन का पर्व बिहार के कई परिवारों के लिए खुशियों के बजाय गहरे गम और मातम में बदल गया। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का जश्न मनाने निकले लोगों को रास्ते में हादसों ने घेर लिया। ....

Bihar Tragedy: रक्षाबंधन पर बिहार में मौत का तांडव, हादसों म
राखी की डोर के बीच बिहार में हादसों ने छीनी 11 जिंदगियां- फोटो : social Media

Bihar Tragedy:  रक्षाबंधन का पर्व बिहार के कई परिवारों के लिए खुशियों के बजाय गहरे गम और मातम में बदल गया। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का जश्न मनाने निकले लोगों को रास्ते में हादसों ने घेर लिया। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में शुक्रवार को सड़क दुर्घटना, नदी में डूबने और ट्रेन से गिरने की घटनाओं में कम से कम 11 लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। कहीं भाई राखी बंधवाने बहन के घर जा रहा था तो कहीं बहन अपने भाई की कलाई पर राखी सजाने निकली थी।

पटना में तेज रफ्तार बाइक ट्रक में घुसी

पटना जिले के पालीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर-नगवा मार्ग पर रक्षाबंधन के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में जा रही एक अनियंत्रित बाइक ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर गए। इस भीषण दुर्घटना में बाइक चला रहे 13 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

किशनगंज में तेज रफ्तार ट्रक ने कार को रौंदा

किशनगंज जिले के सुखानी थाना क्षेत्र के साबोडांगी में एनएच-327ई पर शुक्रवार सुबह करीब सात बजे दर्दनाक हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही कार में जोरदार टक्कर मार दी। कार में चार लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक डॉक्टर समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।मृतकों की पहचान दरभंगा जिले के बहेड़ी निवासी डॉ. अनिल कुमार और मधुबनी जिले के अमरामथ निवासी पवन यादव  के रूप में हुई। डॉ. अनिल दरभंगा में प्रैक्टिस करते थे। घायलों में समस्तीपुर के तेज नारायण मुखिया और मधुबनी के राधेश्याम शर्मा शामिल हैं। राधेश्याम शर्मा सीएम साइंस कॉलेज में प्रोफेसर बताए गए हैं।बताया गया कि सभी लोग मधुबनी से राखी बंधवाने सिलीगुड़ी जा रहे थे। पर्व की खुशी में शुरू हुआ सफर अचानक मौत के सफर में बदल गया।

लखीसराय में नदी पार करने की शर्त बनी जानलेवा

लखीसराय में कवैया थाना क्षेत्र के मुसहरी टोला घाट के समीप किऊल नदी में नहाने के दौरान 37 वर्षीय चंदन दास की डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि चंदन अपने दो दोस्तों नीतीश और बोथा के साथ नदी में नहाने गया था।तीनों के बीच नदी पार कर मंडप छूने की शर्त लगी। शर्त जीतने के लिए तीनों आगे बढ़े, लेकिन इसी दौरान चंदन का अचानक दम फूलने लगा। उसने संभलने की कोशिश की और नदी में गोता लगाया, मगर फिर पानी से बाहर नहीं निकल सका। पर्व के दिन हुई इस मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

सुपौल में राखी बांधने जा रही बहन की मौत

सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर भी रक्षाबंधन के दिन दर्दनाक हादसा हुआ। रामविशनपुर चकला चौक के पास पीछे से आ रहे चारपहिया वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर चार लोग सवार थे।हादसे में 23 वर्षीय पूजा देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक साल के मासूम समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पूजा अपने परिवार के साथ भाई को राखी बांधने जा रही थीं। खुशियों से भरा सफर कुछ ही पलों में मातम में बदल गया।

आरा में बहन के घर जा रहा भाई ट्रेन से गिरा

बनाही रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार दोपहर ट्रेन से गिरने के कारण संतोष कुमार की मौत हो गई। करनामेपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव निवासी संतोष अपनी चचेरी बहन से राखी बंधवाने बक्सर जिले के रघुनाथपुर जा रहा था। ट्रेन से गिरने के बाद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

नवादा में दो युवकों की अलग-अलग हादसों में मौत

नवादा में भी रक्षाबंधन का पर्व दो परिवारों के लिए काल बन गया। कौआकोल में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई, जबकि वारिसलीगंज में मालगाड़ी की चपेट में आने से दूसरे युवक की जान चली गई। दोनों युवक राखी बंधवाने के लिए घर से निकले थे।बिहार के नवादा जिले में रक्षाबंधन के दिन एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। यह हादसा वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के बाघीबरडीहा रेलवे स्टेशन के पास हुआ। मृतक की पहचान वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के मय गांव निवासी पप्पू सिंह के रूप में हुई है।

भागलपुर में तीन बहनों की डूबने से मौत

भागलपुर के पीरपैंती प्रखंड क्षेत्र में सबसे हृदयविदारक हादसों में से एक सामने आया। दखलीटोला बिहुला धार में स्नान करने गई तीन बहनों की डूबने से मौत हो गई। इनमें एक युवती और दो किशोरियां थीं।तीनों घर से करीब डेढ़ से दो किलोमीटर दूर धार में स्नान करने गई थीं। बताया गया कि स्नान के दौरान पहले एक युवती और छोटी बच्ची तेज धार में बहने लगीं। उन्हें बचाने की कोशिश में तीसरी बच्ची भी पानी में चली गई और तीनों की जान चली गई।रक्षाबंधन जैसे पवित्र पर्व पर बिहार के अलग-अलग जिलों से आई इन मनहूस खबरों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। राखी की डोर रिश्तों को जोड़ने निकली थी, लेकिन हादसों ने कई घरों की डोर हमेशा के लिए तोड़ दी।