15 साल से तबादले का इंतजार: क्या अप्रैल में पूरी होगी शिक्षकों की मुराद? बीजेपी एमएलसी जीवन कुमार ने विधान परिषद में सरकार को घेरा
बिहार विधान परिषद में बीजेपी एमएलसी जीवन कुमार ने शिक्षकों के ट्रांसफर और शराबबंदी पर सरकार को घेरा। वहीं, तेजस्वी यादव ने राज्यसभा चुनाव में जीत का भारी आत्मविश्वास दिखाया है।
Patna - : बिहार विधान परिषद में आज शिक्षा और शराबबंदी जैसे ज्वलंत मुद्दों पर जोरदार बहस हुई। बीजेपी एमएलसी जीवन कुमार ने शिक्षकों के स्थानांतरण में हो रही देरी और शराबबंदी की समीक्षा को लेकर सरकार का ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने सदन के बाहर मीडिया से बातचीत में इन मुद्दों पर अपनी राय स्पष्ट की और सरकार से जल्द समाधान की मांग की।
शिक्षकों के स्थानांतरण में देरी पर जताई चिंता
बीजेपी एमएलसी जीवन कुमार ने बिहार विधान परिषद में शिक्षा विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रश्न उठाए। उन्होंने विशेष रूप से उन पुस्तकालयध्यक्ष का मुद्दा उठाया जो पिछले 15 वर्षों से एक ही स्थान पर कार्यरत हैं और जिनका स्थानांतरण अब तक नहीं हो सका है. उन्होंने पुस्तकालयाध्यक्षों (लाइब्रेरियन), असाध्य रोगों से ग्रस्त शिक्षकों, दिव्यांगों और महिला शिक्षकों के स्थानांतरण में प्राथमिकता देने की बात कही. जीवन कुमार ने कहा कि विभाग ने अप्रैल-मई तक इन समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है ।
शिक्षा मंत्री के जवाब पर जताई उम्मीद
सदन में चर्चा के दौरान जीवन कुमार ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने शिक्षकों के हितों में कई कदम उठाए हैं. उन्होंने बीपीएससी टीआरई-3 (BPSC TRE-3) और नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा मिलने जैसे फैसलों का स्वागत किया. जीवन कुमार ने उम्मीद जताई कि सरकार अप्रैल के सीजन में शिक्षकों के स्थानांतरण की अधिसूचना जारी कर उन्हें राहत प्रदान करेगी ।
शराबबंदी की समीक्षा पर छिड़ी नई बहस
विधान परिषद की कार्यवाही के दौरान शराबबंदी का मुद्दा भी छाया रहा। बीजेपी एमएलसी ने कहा कि बिहार की अधिकांश महिलाएं शराबबंदी के पक्ष में हैं क्योंकि इससे उनके घरों में सुख-शांति आई है. हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि बीजेपी के कुछ विधायक इस नीति की समीक्षा की मांग कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार अपने स्तर पर इस पर मंथन कर रही है और भविष्य में इस पर क्या फैसला होगा, यह सरकार का विषय है ।
हर्ष फायरिंग की घटना पर पुलिस की कार्रवाई
इसी बीच, पटना के दुल्हिनबाजार में हुई हर्ष फायरिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक शादी समारोह के दौरान हुई गोलीबारी में चन्दन कुमार नामक युवक घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए एम्स पटना भेजा गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. इस मामले में तीन अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है ।
राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी
राजनीतिक गलियारों में राज्यसभा चुनाव को लेकर भी सरगर्मी तेज है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जीत का दावा करते हुए कहा है कि महागठबंधन के पास पर्याप्त संख्या बल है और वे जल्द ही अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करेंगे. वहीं, एआईएमआईएम (AIMIM) के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल इमान ने भी तेजस्वी यादव से मुलाकात कर राज्यसभा चुनाव में समर्थन मांगा है. इमान ने कहा कि उन्होंने अपनी पार्टी के लिए अवसर मांगा है और तेजस्वी ने इस पर विचार करने का आश्वासन दिया है ।
रिपोर्ट - वंदना शर्मा