बिहार विधानसभा में नीतीश सरकार की नई टीम घोषित: श्रवण कुमार बने मुख्य सचेतक, विनोद नारायण झा को मिली उप मुख्य सचेतक की कमान
"बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल ने अपने सिपहसालारों की घोषणा कर दी है। श्रवण कुमार को मुख्य सचेतक और विनोद नारायण झा को उप मुख्य सचेतक बनाया गया है। वही राजू तिवारी और कृष्ण कुमार ऋषि समेत 8 विधायकों को सचेतक की जिम्मेदारी दी गई है। देखें लिस्ट
Patna - बिहार की 18वीं विधानसभा में सत्तारूढ़ दल (एनडीए) ने अपने फ्लोर मैनेजमेंट को मजबूत करने के लिए नई टीम का ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अनुशंसा पर विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्य सचेतक, उप मुख्य सचेतक और सचेतकों की नियुक्ति को मान्यता प्रदान कर दी है। बिहार विधानसभा सचिवालय ने इस संबंध में 16 दिसंबर 2025 को विधिवत अधिसूचना जारी कर दी है।
श्रवण कुमार बने मुख्य सचेतक (Chief Whip)
मुख्यमंत्री सचिवालय से प्राप्त पत्र के आलोक में नालंदा से विधायक श्री श्रवण कुमार को बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल का मुख्य सचेतक मनोनीत किया गया है। वे सदन में पार्टी के अनुशासन और विधायकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
विनोद नारायण झा को उप मुख्य सचेतक की जिम्मेदारी
वहीं, बेनीपट्टी (क्षेत्र संख्या-32) से विधायक श्री विनोद नारायण झा को सत्तारूढ़ दल का उप मुख्य सचेतक (Deputy Chief Whip) बनाया गया है।
इन 8 विधायकों को बनाया गया सचेतक
(Whip) सदन में सरकार का पक्ष मजबूत करने और विधायी कार्यों के सुचारू संचालन के लिए 8 विधायकों को सचेतक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रभारी सचिव डॉ. ख्याति सिंह द्वारा जारी पत्र के अनुसार, इनकी सूची इस प्रकार है:
कृष्ण कुमार ऋषि (बनमनखी – अ.जा.)
मंजीत कुमार सिंह (बरौली)
राजू तिवारी (गोविन्दगंज)
सुधांशु शेखर (हरलाखी)
कुमार शैलेन्द्र (बिहपुर)
रामविलास कामत (पिपरा)
अरूण माँझी (मसौढ़ी - अ0जा0)
गायत्री देवी (परिहार)
विधानसभा सचिवालय ने संसदीय कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखकर इन मनोनयनों के आधार पर वेतन, भत्ता और पेंशन अधिनियम-2006 के तहत अधिसूचना निर्गत करने का अनुरोध किया है।