Bihar Weather: बिहार में दिन होने लगे गर्म, कई शहरों में पारा 30 डिग्री के पार, आज पटना में दिख सकते हैं हल्के बादल

Bihar Weather:बिहार की फिज़ाओं में अब तब्दीली साफ़ महसूस की जा रही है। सुबह-शाम की हल्की ठंडक जैसे अलविदा कहने लगी है और धूप ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है।

Bihar Warms Up Mercury Crosses 30 degrees Clouds Over Patna
धूप की दस्तक से सर्दी की रुख़्सती- फोटो : X

Bihar Weather:बिहार की फिज़ाओं में अब तब्दीली साफ़ महसूस की जा रही है। सुबह-शाम की हल्की ठंडक जैसे अलविदा कहने लगी है और धूप ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। सूबे भर में दिन के वक़्त आसमान साफ़ और सूर्य की चमक ने लोगों को गर्मी का एहसास करा दिया है। दोपहर के समय तापमान 29 डिग्री से. से 33 डिग्री से. के दरमियान दर्ज किया गया, मगर सूरज की तपिश न पूरी शिद्दत में थी और न ही पूरी नरम। यही वजह रही कि लोग असमंजस में दिखे ना स्वेटर पूरी तरह उतरा, ना ही पसीना खुलकर आया।

राजधानी पटना और ऐतिहासिक शहर गयाजी में दोपहर की धूप ने रफ्तार थाम दी। दफ़्तरों और कॉलेजों के बाहर सुस्ती का आलम रहा। छोटे दुकानदार दुकान के अंदर या साए में बैठकर गर्मी से राहत तलाशते नज़र आए। हवा की रफ़्तार उत्तर-पश्चिम दिशा से लगभग 5 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जबकि नमी का स्तर 35% तक सीमित रहा। बारिश की कोई खास संभावना नहीं है, जिससे दिन भर मौसम खुश्क बना रहेगा।

उत्तर बिहार के शहरों पूर्णिया, मुजफ्फरपुर और आरा में भी धूप ने लोगों की चाल धीमी कर दी। ग्रामीण इलाकों में किसान खेतों में हल्की-फुल्की मशक्कत करते दिखे, मगर दोपहर की गरमाहट ने उनमें भी कुछ सुस्ती घोल दी। सहरसा, दरभंगा और मधुबनी के बाज़ारों में भी रौनक थोड़ी फीकी पड़ी रही।

उत्तर-पूर्वी क्षेत्र फॉरबिसगंज में पारा सबसे ज्यादा 32.2डिग्री से. तक पहुंचा, जो राज्य में सबसे ऊंचा दर्ज हुआ। वहीं अररिया ज़िले का यह इलाका गर्मी में अव्वल रहा। इसके मुकाबले मधुबनी और मुजफ्फरपुर में तापमान 27डिग्री से. के आसपास रहा। सबौर और अगवानपुर में पिछले 24 घंटों में तापमान में 1डिग्री से. से अधिक की बढ़ोतरी देखी गई।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पटना में 28.8डिग्री से. के साथ मामूली गिरावट दर्ज हुई, जबकि गया में 29.6डिग्री से.  के साथ हल्की वृद्धि हुई। कुल मिलाकर, बिहार में गर्मी की आहट तेज हो रही है और आने वाले दिनों में पारा और चढ़ने के आसार हैं। मौसम का यह बदलता मिज़ाज अब साफ इशारा दे रहा है सर्दी की रुख़्सती और गर्मी की दस्तक हो चुकी है।