Bihar Weather: बिहार में 11 जिलों में आंधी-वज्रपात का अलर्ट,सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड, चक्रवात अर्नब का असर हो रहा कमजोर
Bihar Weather: बिहार में चक्रवाती तूफान अर्नब का असर अब धीरे-धीरे कम होने लगा है। हालांकि, तूफान के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में अभी उतार-चढ़ाव जारी है। ....
Bihar Weather: बिहार में चक्रवाती तूफान अर्नब का असर अब धीरे-धीरे कम होने लगा है। हालांकि, तूफान के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में अभी उतार-चढ़ाव जारी है। आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई है और कुछ जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात तथा तेज हवा चलने की आशंका जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार, 1 नवंबर को राज्य के 11 जिलों में खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं, प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी बादल छाए रहने का अनुमान है।
11 जिलों में तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को दरभंगा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, वैशाली, नालंदा और नवादा समेत 11 जिलों में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। इन इलाकों में मेघगर्जन के साथ बिजली गिरने यानी वज्रपात की आशंका है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर किसानों, खेतों में काम करने वाले मजदूरों और खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। गरज-चमक के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहना बेहतर होगा।
6 नवंबर तक मौसम रहेगा मुख्य रूप से शुष्क
राहत की बात यह है कि चक्रवाती तूफान अर्नब का प्रभाव धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 1 से 6 नवंबर तक बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। इस अवधि में राज्य के किसी भी जिले के लिए विशेष मौसमी चेतावनी जारी नहीं की गई है।
विभाग का अनुमान है कि 4 नवंबर तक मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके बाद प्रदेश में मौसम सामान्य होने लगेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
पटना में तापमान स्थिर, 2 नवंबर को हल्की बारिश के आसार
राजधानी पटना में फिलहाल तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अगले चार से पांच दिनों तक अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है।हालांकि, पटना के मौसम को लेकर विभाग ने 2 नवंबर को हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। इसके बाद 3 और 4 नवंबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।कुल मिलाकर बिहार में चक्रवाती तूफान का असर कमजोर पड़ने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। लेकिन कुछ जिलों में तेज हवा, मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका को देखते हुए सतर्कता जरूरी है।