Political News: बिहार के बाद अब यूपी फतह की तैयारी में जदयू, नीतीश का आशीर्वाद लेकर नीरज के साथ यूपी रवाना हुए निशांत, वाराणसी से करेंगे संगठन के विस्तार का शंखनाद

Political News: बिहार की सियासत में अपनी सक्रियता बढ़ाने के बाद अब जेडीयू नेता निशांत कुमार की नजर उत्तर प्रदेश में पार्टी का सियासी कुनबा बढ़ाने पर है। ...

Political News: बिहार के बाद अब यूपी फतह की तैयारी में जदयू,
बिहार से बाहर बढ़ेगा JDU का दबदबा?- फोटो : reporter

Political News: बिहार की सियासत में अपनी सक्रियता बढ़ाने के बाद अब जेडीयू नेता निशांत कुमार की नजर उत्तर प्रदेश में पार्टी का सियासी कुनबा बढ़ाने पर है। इसी कड़ी में वह रविवार, 1 नवंबर को वाराणसी पहुंचेंगे, जहां जेडीयू की ओर से प्रदेशस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन के जरिए पार्टी उत्तर प्रदेश में अपने संगठन को नई ताकत देने और आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी जमीन तैयार करने की कोशिश में जुटी है। निशांत कुमार की इस वाराणसी यात्रा को महज एक कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करने तक सीमित नहीं माना जा रहा है। सियासी गलियारों में इसे बिहार से बाहर जेडीयू के विस्तार की बड़ी कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी की कोशिश है कि उत्तर प्रदेश में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाए और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा जाए। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए के घटक दल के तौर पर चुनावी मैदान में उतरने की संभावनाओं को भी तलाशा जा रहा है।

वाराणसी रवाना होने से पहले निशांत कुमार ने अपने पिता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पिता का आशीर्वाद लिया और फिर उत्तर प्रदेश के सफर पर निकल पड़े। इस मुलाकात को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं। बिहार की राजनीति में नई जिम्मेदारियों के बीच निशांत कुमार का दूसरे राज्य में पार्टी के कार्यक्रम में शामिल होना उनकी बढ़ती सियासी सक्रियता का संकेत माना जा रहा है।

निशांत कुमार की इस यात्रा की एक और तस्वीर चर्चा में है। वह किसी खास इंतजाम या तामझाम के बजाय आम मुसाफिर की तरह ट्रेन से वाराणसी रवाना हुए। पटना जंक्शन से उन्होंने जेडीयू प्रवक्ता और पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी नीरज कुमार के साथ ट्रेन पकड़ी। सफर के दौरान उनका सादा अंदाज और सहज व्यवहार देखने को मिला। ट्रेन में सामान्य यात्री की तरह सफर करते और साधारण भोजन करते निशांत कुमार की तस्वीरें उनकी सादगी को बयां कर रही हैं।

दरअसल, उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले जेडीयू अपनी सियासी मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी में है। पार्टी नेतृत्व चाहता है कि बिहार के बाहर भी संगठन का दायरा बढ़े और दूसरे राज्यों में कार्यकर्ताओं की मजबूत फौज तैयार हो। वाराणसी का सम्मेलन इसी मुहिम का अहम पड़ाव माना जा रहा है।

अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि निशांत कुमार की सक्रियता उत्तर प्रदेश में जेडीयू को कितनी सियासी मजबूती देती है और एनडीए के भीतर पार्टी को चुनाव लड़ने का कितना मौका मिलता है।

रिपोर्ट- प्रियदर्शन शर्मा