Bihar Weather: बिहार में जल्द ही भीषण गर्मी की मार से लोग बेहाल हो सकते हैं। आने वाले दिनों में भीषण गर्मी के लिए तैयार रहना होगा। राज्य में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। अधिकांश इलाकों में दिन के समय आसमान साफ रहने के कारण तीखी धूप पड़ रही है, जिससे लोगों को बाहर निकलने में कठिनाई हो रही है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले तीन दिनों में तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। इस दौरान राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे गर्मी का असर और अधिक महसूस होगा।
मौसमी प्रणाली का असर नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में इराक के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण के रूप में स्थित है। इसके अलावा पूर्वोत्तर हिंद महासागर, बंगाल की खाड़ी और बांग्लादेश के ऊपर भी ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवात सक्रिय हैं। हालांकि, इनमें से कोई भी मौसमी प्रणाली बिहार को प्रभावित नहीं कर रही है। इसी कारण प्रदेश का आसमान साफ रहेगा और गर्मी में बढ़ोतरी होगी।
आज के मौसम का हाल
सोमवार10 मार्च को बिहार का मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। साफ आसमान और तीखी धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। इस हफ्ते अधिकतम तापमान 30 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 16 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
तापमान में लगातार वृद्धि
रविवार 9 मार्च को भी राज्य में तापमान में बढ़ोतरी देखी गई। इस दिन बक्सर में सबसे अधिक तापमान 33.5°C दर्ज किया गया, जबकि बांका में न्यूनतम तापमान 11.9°C रहा। वहीं, बेगूसराय में रात का तापमान सबसे अधिक 18.7°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को दिन के समय धूप से बचने, हल्के और सूती कपड़े पहनने, पर्याप्त पानी पीने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है।