LATEST NEWS

Bihar Weather: बिहार में अब गर्मी की बारी, 35 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचा दिन का तापमान, लू झेलने के लिए रहे तैयार

Bihar Weather: बिहार में गर्मी अपना असर दिखाने लगा है। दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग की मानें तो मार्च के अंत तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा।

गर्मी तापमान
Day Temperature Reached 35 degree C.- फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather: बिहार में गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है, जबकि रात का तापमान भी कई जिलों में 20 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है। इसका असर यह है कि अब रात में भी गर्मी महसूस की जाने लगी है। लोग पंखे और एयर कंडीशनर (AC) चलाने लगे हैं, वहीं एसी की सर्विसिंग का दौर भी शुरू हो गया है।

मार्च के अंत कर 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा तापमान

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, तापमान में लगातार वृद्धि जारी रहेगी और मार्च के अंत तक दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके अलावा, पछुआ हवा भी धीरे-धीरे चलने लगी है, जिससे गर्मी और लू का खतरा बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

मौसम पूर्वानुमान और पश्चिमी विक्षोभ का असर

मौसम विभाग के अनुसार 9 मार्च को सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ इस समय पश्चिमी ईरान के पास चक्रवाती परिसंचरण के रूप में बना हुआ है। इसके अलावा, एक और चक्रवाती परिसंचरण असम के ऊपर सक्रिय है। 12 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, लेकिन इसका बिहार के मौसम पर विशेष प्रभाव नहीं पड़ेगा।

आज का मौसम कैसा रहेगा?

11 मार्च को बिहार का मौसम शुष्क और गर्म रहेगा। आसमान साफ रहेगा, जिससे तेज धूप महसूस होगी। साथ ही, हल्की गति की पछुआ हवा भी चलने की संभावना है। अगले तीन दिनों में दिन और रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। आज अधिकतम तापमान 30 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

10 मार्च के तापमान के आंकड़े

बिहार में 10 मार्च को दिन के तापमान में मामूली वृद्धि जबकि रात के तापमान में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दिन सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस गोपालगंज में रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान औरंगाबाद में 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे अधिक न्यूनतम तापमान बेगूसराय में 20.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वायु गुणवत्ता की बात करें तो कटिहार और अरेराज का AQI क्रमशः 76 और 98 दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे बेहतर रहा। मौसम विशेषज्ञों ने आगामी दिनों में तापमान में और वृद्धि की संभावना जताई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Editor's Picks