Bihar Weather: बिहार में ठंड ने बढ़ाई कनकनी, नवंबर में ही पड़ रही जनवरी वाली सर्दी, कोहरे ने बढ़ाई परेशानी

Bihar Weather: बिहार के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिलेगा। नवंबर में ही जनवरी वाली सर्दी महसूस हो रही है। सुबह सुबह कोहरे ने परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है...

ठंड
ठंड ने बढ़ाई कनकनी - फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather: बिहार में इस बार ठंड ने समय से पहले दस्तक दे दी है। नवंबर का महीना अभी आधा भी नहीं बीता है, लेकिन राज्यभर में ठिठुरन भरी सर्दी लोगों को कंपकपाने लगी है। सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जबकि दिन में छाए कोहरे और धुंध के कारण धूप का असर नगण्य हो गया है।

राज्यभर में गिरा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 11°C से 15°C के बीच दर्ज किया गया है। वहीं, अधिकतम तापमान 25.5°C से 31.0°C के बीच रहा। पटना में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 12.8°C दर्ज किया गया, जबकि पश्चिम चंपारण के मधुबनी प्रखंड और रोहतास जिले के नौहट्टा प्रखंड में तापमान 11.5°C तक पहुंच गया। हालांकि आधिकारिक रूप से शीतलहर घोषित नहीं की गई है, लेकिन ठंडी हवाओं ने लोगों को सर्दी का अहसास दिलाना शुरू कर दिया है।

अगले एक सप्ताह रहेगा शुष्क मौसम

सुबह के समय कोहरा बढ़ने से दृश्यता में गिरावट दर्ज की गई है। पूर्णिया में दृश्यता घटकर मात्र 800 मीटर रह गई। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 6-7 दिनों तक प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। आने वाले 3 से 4 दिनों में सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट हो सकती है। 13 नवंबर के बाद ठंड में और इजाफा होने की संभावना है, जिससे न्यूनतम तापमान में 1-2 डिग्री तक की और कमी आ सकती है।

रजाई-कंबल और अलाव का सहारा

सर्दी बढ़ते ही लोगों ने गर्म कपड़े और रजाई-कंबल निकाल लिए हैं। सुबह-शाम चाय की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है। ठंड से बचने के लिए कई जगहों पर लोग अलाव जलाकर राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। सर्दी के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। डॉक्टरों ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।