Bihar Weather: बिहार में मौसम का 'डबल अटैक', कोल्ड डे और शीतलहर के बीच अब इन इलाकों में बारिश की संभावना! IMD का अलर्ट
Bihar Weather: बिहार के मौसम में बदलाव होने जा रहा है। मौसम विभाग ने ठंड बढ़ने की संभावना जताई है। मौसम विभाग की मानें तो 17 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। जिससे मौसम का मिजाज बदल जाएगा।
Bihar Weather: दिसंबर का आधा महीना बीतने के साथ ही मौसम लगातार नए तेवर दिखा रहा है। सुबह घना कोहरा, दिन में शीतलहर और रात को कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने ताजा पूर्वानुमान जारी करते हुए अगले 48 से 72 घंटे को बेहद संवेदनशील बताया है। विभाग के अनुसार, इस दौरान देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। इसकी वजह 17 दिसंबर से सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ बताया जा रहा है। जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल सकता है।
इन राज्यों में शीतलहर और कोहरे की चेतावनी
IMD के अनुसार दिल्ली के साथ हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार के कई हिस्सों में शीतलहर का असर तेज होगा। इन राज्यों में न्यूनतम तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। सुबह के समय घने कोहरे से सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। ग्रामीण इलाकों में ठंड का असर ज्यादा रहेगा और कुछ क्षेत्रों में पाला पड़ने की संभावना से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
पश्चिमी विक्षोभ से पहाड़ों पर बर्फबारी
17 दिसंबर की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। इससे पहाड़ों पर ताजा हिमपात होगा और सर्दी और तेज हो जाएगी। मैदानी इलाकों में इसका सीधा प्रभाव सीमित रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ शीतलहर और प्रबल हो सकती है।
दक्षिण भारत में बारिश का सिलसिला जारी
देश के दक्षिणी हिस्सों में बारिश का दौर अभी भी थमा नहीं है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। साउथ ईस्ट अरब सागर के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण बादल छाए रह सकते हैं। वहीं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
कोहरे से विजिबिलिटी कम
बिहार में भी ठंड का असर तेजी से बढ़ रहा है। तापमान में लगातार गिरावट और पछुआ हवाओं के कारण सुबह और शाम के समय ठिठुरन महसूस की जा रही है। राज्य के करीब 20 जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार भागलपुर के सबौर और समस्तीपुर के पूसा में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है, जबकि पटना में यह अब भी 14 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। घने कोहरे के कारण कई इलाकों में दृश्यता काफी कम हो गई है।
अगले सात दिनों में और गिरेगा पारा
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सात दिनों में तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, खासकर न्यूनतम तापमान में। कोहरा और घना होने की आशंका है। IMD ने 22 दिसंबर के बाद बिहार सहित कई राज्यों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।