Bihar Weather: बिहार के 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, मानसून अब दिखाएगा असर, पटना में बरसेंगे बदरा
Bihar Weather: बिहार में मानसून की एंट्री हो गई है। धीरे धीरे मानसून अब अपना असर दिखाएगा। मौसम विभाग ने आज 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग की मानें तो इस बार सामान्य से 11 प्रतिशत अधिक वर्षा होगी।

Bihar Weather: बिहार में इस साल मानसून ने दो दिन की देरी से मंगलवार को दस्तक दे दी है। मानसून की एंट्री किशनगंज पूर्णिया के रास्ते हुई जिसके बाद राज्य के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार तक मानसून पूरे बिहार में फैल जाएगा और अगले तीन से चार दिनों तक सक्रिय बना रहेगा। मानसून की एंट्री के साथ ही औरंगाबाद, किशनगंज, कटिहार, रोहतास, नालंदा, भोजपुर, बांका में बारिश हुई। इसके साथ ही भागलपुर,सीवान, बक्सर,मुंगेर और लखीसराय में भी बारिश हुई।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
वहीं बुधवार को भागलपुर, बांका, जमुई, अररिया, कटिहार और पूर्णिया में भारी बारिश की संभावना जताई गई है जबकि किशनगंज और पश्चिमी चंपारण में अति भारी बारिश के आसार हैं। कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है। राजधानी पटना में बुधवार को मानसून के प्रवेश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर बाद बादल छाए रह सकते हैं और ठनका गिरने की भी आशंका है। मंगलवार को हालांकि राजधानी में दोपहर तक तेज धूप रही लेकिन बाद में चली हवाओं से लोगों को कुछ राहत मिली।
इन जिलों में हुई बारिश
राज्य के विभिन्न जिलों जैसे भागलपुर, रोहतास, औरंगाबाद, छपरा, अरवल और गया में बारिश हुई है, हालांकि अब तक मानसूनी बारिश की पुष्टि केवल भागलपुर में हुई है। कटिहार, अररिया, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, बांका और मुंगेर सहित जमुई और खगड़िया के कुछ हिस्सों में भी बारिश दर्ज की गई है।
पिछले साल के आंकड़े
पिछले वर्षों की बात करें तो 2024 में मानसून ने 20 जून को बिहार में दस्तक दी थी लेकिन इसके तुरंत बाद इसका प्रसार रुक गया था और 28 जून को पूरे राज्य में फैल सका था। वहीं, 2023 में मानसून 12 जून को आया था लेकिन पूरे राज्य में इसका विस्तार 25 जून को हुआ था। सामान्यतः बिहार में मानसून के आगमन की संभावित तिथि 13 से 15 जून के बीच मानी जाती है।
देरी से आया मानसून
इस बार मानसून की देरी के बावजूद बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल रही है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में झमाझम बारिश और वज्रपात की चेतावनी देते हुए सतर्क रहने की अपील की है।