Bihar Weather: बिहार में 2-3 दिनों में बदल जाएगा मौसम का मिजाज, आज 32 जिलों के लिए अलर्ट जारी, जानिए पटना में होगी बारिश या रहेगा उमस?
Bihar Weather: बिहार में मानसून सक्रिय है। कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 2 से 3 दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। आज 32 जिलों के लिए अलर्ट जारी है।

Bihar Weather: बिहार में मानसून की सक्रियता देखी जा रही है। कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी है। हालांकि कुछ जिलों में उमस और गर्मी लोगों को अब भी परेशान कर रही है। मौसम विभाग ने आज यानी शुक्रवार को राज्य के 32 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की भी संभावनाएं है।
दो तीन दिनों तक बरसेंगे बदरा
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से चार दिनों तक राज्य में मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान विभिन्न हिस्सों में रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना है। बारिश के चलते अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।
क्यों हो रही बारिश?
पिछले 24 घंटे में पटना, किशनगंज, छपरा, गोपालगंज और समस्तीपुर में बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे सटे बिहार के हिस्सों में चक्रवाती प्रणाली सक्रिय है जो समुद्र तल से लगभग 3.1 किमी की ऊंचाई तक फैली हुई है। इसी तरह उत्तरी झारखंड में भी ऊपरी वायु चक्रवात बना हुआ है। इन दोनों सिस्टम के कारण बिहार में मानसून की गतिविधियां तेज हुई हैं।
मौमम विभाग की चेतावनी
गुरुवार को मधेपुरा में भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि सुपौल, फारबिसगंज, डेहरी, समस्तीपुर और जीरादेई में हल्की बारिश हुई। शेष जिलों में मौसम शुष्क रहा, हालांकि बादल छाए रहे। शुक्रवार को भी कई जिलों में मूसलाधार बारिश की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। बिजली गिरने का खतरा देखते हुए 32 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी के मुताबिक, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, सारण, भोजपुर और किशनगंज में भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पटना का मौसम
राजधानी पटना में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहेंगे और रुक-रुककर बारिश होती रहेगी। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। बारिश और ठंडी हवाओं से मौसम सुहावना बना रहेगा। वहीं 20 सितंबर के बाद भारी बारिश से राहत मिलने की संभावना है। हालांकि हल्की बारिश का दौर 25 सितंबर तक जारी रह सकता है।