Bihar Weather: बिहार वाले हो जाएं सावधान, पटना सहित 23 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, कड़ाके की ठंड करेगी परेशान

Bihar Weather: मौसम विभाग ने बताया कि अगले एक सप्ताह तक बिहार का मौसम शुष्क बना रहेगा। मंगलवार और बुधवार की सुबह कहीं-कहीं हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति रहेगी। सोमवार को भी अधिकांश शहरों में तापमान में गिरावट देखी गई।

ठंड
23 जिलों के लिए अलर्ट जारी - फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather: बिहार में ठंड ने तेजी से दस्तक दे दी है। सुबह का आग़ाज़ घने कोहरे की सफेद परत के बीच हो रहा है। कई इलाकों में विजिबिलिटी 500 मीटर से भी नीचे जाने की आशंका जताई गई है। पटना मौसम केंद्र ने अगले कुछ दिनों के लिए कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं, रात और दिन दोनों के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। पूरे बिहार में पिछले तीन दिनों से दिन का पारा लुढ़कता जा रहा है और यही स्थिति आगे भी बनी रहने की संभावना है।

23 जिलों में छाएगा कोहरा

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों तक पश्चिमी व पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, जमुई, भागलपुर, कटिहार, खगड़िया, मुंगेर,पटना, औरंगाबाद, नवादा, लखीसराय, सासाराम और कैमूर जिलों में सुबह व देर रात हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा।

पछुआ हवा से बढ़ रही ठंड

पछुआ हवा और पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य में ठंड बढ़ने लगी है। अगले 4-5 दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना है। विभाग के मुताबिक, दिसंबर के पहले सप्ताह के बाद ठंड में तेजी आएगी। जबकि पछुआ हवा की रफ्तार 30 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। राज्य में न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

कई जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे

पिछले 24 घंटों में राज्य का सबसे कम तापमान 9.4°C पश्चिम चंपारण के पिपरासी में दर्ज किया गया। तराई वाले इलाकों में रातें और ज्यादा सर्द होती जा रही हैं। उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 10-13°C के बीच रहा, जबकि दक्षिण बिहार में यह एक-दो डिग्री अधिक रहा। दूसरी ओर, अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। मोतिहारी में दिन का पारा 28°C रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सर्वाधिक था। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 0.5 से 3 डिग्री तक गिरा है।

इस बार ठंड कम पड़ने के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, दिसंबर से फरवरी के बीच इस सीजन में बिहार में पिछले वर्षों की तुलना में कम ठंड पड़ने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। इस बार दिसंबर में दक्षिण बिहार में उत्तरी हिस्से की तुलना में अधिक ठंड रहने का अनुमान है। वहीं पटना में मंगलवार को आसमान साफ रहने का अनुमान है, लेकिन सुबह आंशिक कोहरा रह सकता है। सोमवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 26.3°C और न्यूनतम 16.6°C रहा, दोनों में हल्की गिरावट दर्ज की गई।

एक सप्ताह तक शुष्क रहेगा मौसम 

मौसम विभाग ने बताया कि अगले एक सप्ताह तक बिहार का मौसम शुष्क बना रहेगा। मंगलवार और बुधवार की सुबह कहीं-कहीं हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति रहेगी। सोमवार को भी अधिकांश शहरों में तापमान में गिरावट देखी गई। सबसे अधिक तापमान 28°C मोतिहारी में और सबसे कम 11.8°C किशनगंज में दर्ज किया गया। पूर्णिया में विजिबिलिटी 500 मीटर रही।