Bihar Weather: बिहार के इन जिलों के लोग रहे सावधान! मौसम विभाग ने बारिश और ठनका गिरने की दी चेतावनी, अलर्ट जारी
Bihar Weather: बिहार में आज मौसम विभाग ने लोगों से सावधान रहने की अपील की है। मौसम विभाग ने आज 25 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही व्रजपात की चेतावनी भी दी है।

Bihar Weather: बिहार के कई जिलों में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। रविवार को राज्य के 13 जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई। वहीं सोमवार को भी गरज-तड़क के साथ बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने गया और नवादा जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने सोमवार को 25 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
व्रजपात के लिए अलर्ट जारी
इसके साथ ही दक्षिण बिहार और उत्तर-पूर्वी जिलों में एक-दो स्थानों पर वज्रपात व बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। विभाग ने 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है। रविवार को राज्य में सबसे ज्यादा 19.5 मिमी बारिश बेगूसराय में रिकॉर्ड की गई। राजधानी पटना में भी सुबह के समय हल्की बारिश हुई। जहां कुल 3.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। बादल छाए रहने और बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट देखी गई।
पटना के तापमान में गिरावट
रविवार को राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश के चलते अधिकतम तापमान में 4.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से आंशिक राहत मिली।
कैसा रहेगा आज का मौसम
मौसम विभाग ने सोमवार को पटना, किशनगंज, अररिया और पूर्णिया समेत राज्य के 25 जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इन जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की संभावना भी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक राज्यभर में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। कहीं तेज बारिश तो कहीं हल्की बारिश के बीच उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा
राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है। इस कारण दिन के समय उमस अधिक रहेगी जबकि रात में हल्की ठंडक महसूस की जा सकती है।
प्रदेश में तापमान की स्थिति
राज्य में सबसे अधिक तापमान गोपालगंज में 36.2 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान बांका में 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में भी राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और बारिश की संभावना बनी रहेगी।